श्री काशी विश्वनाथ में श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा, सावन में शुरू होगी डिजिटल लॉकर सेवा
सावन में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर की लॉकर सुविधा बंद रहने के बीच वाराणसी में श्रद्धालुओं के लिए नई डिजिटल लॉकर सेवा शुरू की जा रही है। गोदौलिया, टाउन हॉल और कैंट समेत तीन स्थानों पर सामान सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी, जिसे मोबाइल कोड के जरिए संचालित किया जाएगा।
वाराणसी: सावन माह में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर की लॉकर सुविधा बंद रहने के बीच श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। मंगलवार से वाराणसी में डिजिटल लॉकर सेवा की शुरुआत होने जा रही है। इस सुविधा का उद्देश्य उन श्रद्धालुओं को सुरक्षित और आसान विकल्प उपलब्ध कराना है, जो बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी आते हैं और होटल में ठहरने के बजाय दर्शन कर सीधे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाते हैं।
शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर लगाए गए डिजिटल लॉकर
ड्यूरोलॉक स्मार्ट कंपनी की ओर से वाराणसी के तीन प्रमुख स्थानों- गोदौलिया, टाउन हॉल और कैंट रेलवे स्टेशन क्षेत्र, में डिजिटल लॉकर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा शहर के एक अन्य प्रमुख स्थान पर भी जल्द ही इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें।
मोबाइल कोड से खुलेगा लॉकर, पूरी व्यवस्था होगी डिजिटल
पूरी लॉकर व्यवस्था डिजिटल तकनीक पर आधारित होगी। श्रद्धालु निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद अपने मोबाइल पर एक यूनिक कोड प्राप्त करेंगे। इसी कोड की मदद से लॉकर खोला और बंद किया जा सकेगा। सामान रखने के बाद श्रद्धालु स्वयं लॉकर लॉक करेंगे और वापस लौटने पर उसी कोड से अपना सामान सुरक्षित निकाल सकेंगे।
जरूरत के अनुसार तीन आकार के लॉकर
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लॉकर तीन अलग-अलग आकार में उपलब्ध कराए गए हैं। कम सामान रखने वालों के लिए छोटा लॉकर, सामान्य सामान के लिए मीडियम और अधिक सामान रखने वालों के लिए बड़ा लॉकर रखा गया है। इससे अकेले यात्रियों के साथ परिवार और समूह में आने वाले श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी।
