Movie prime

वाराणसी में DIOS को गोली मारने की धमकी! ऑफिस में घुसकर शिक्षक का हाई-वोल्टेज हंगामा, केस दर्ज

वाराणसी के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को गंगापुर इंटर कॉलेज के एक शिक्षक द्वारा कथित रूप से जान से मारने और गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। कार्यालय में हंगामे और कर्मचारियों से मारपीट के आरोप में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
 
DIOS
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब गंगापुर इंटर कॉलेज के एक शिक्षक ने कथित तौर पर कार्यालय में घुसकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि शिक्षक ने जिला विद्यालय निरीक्षक से अभद्रता करते हुए जान से मारने और गोली मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, कार्यालय कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है। मामले में कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।

बिना अनुमति कार्यालय में घुसकर शुरू किया हंगामा

जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप के अनुसार, घटना 16 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे की है। गंगापुर इंटर कॉलेज, गंगापुर के सहायक अध्यापक रमाशंकर शास्त्री बिना अनुमति उनके कार्यालय कक्ष में पहुंच गए। वहां उन्होंने अपने सेवा संबंधी लंबित प्रकरण को लेकर नाराजगी जताते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गाली-गलौज शुरू कर दी।

सेवा संबंधी भुगतान पर जताई नाराजगी

डीआईओएस ने शिक्षक को बताया कि उनके सेवा संबंधी देयों का भुगतान नियमानुसार किया जा चुका है और कोई भी भुगतान लंबित नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के लिए पहले ही कहा गया था, लेकिन संबंधित शिक्षक ने अब तक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए हैं।

गोली मारने की धमकी देने का आरोप

आरोप है कि समझाने के बावजूद शिक्षक शांत नहीं हुए और जिला विद्यालय निरीक्षक को गोली मारने की धमकी देने लगे। जब कार्यालय सहायकों ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा, तो उन्होंने कक्ष से बाहर निकलकर दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद बाहर मौजूद कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, जिससे कार्यालय का सरकारी कार्य प्रभावित हुआ।

अधिकारियों के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार शाम कैंट थाने में घटना की लिखित तहरीर दी गई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपी शिक्षक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी शिक्षक की तलाश की जा रही है और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी.