वाराणसी जिला न्यायालय को फिर मिली धमकी, जज और वकीलों के चेंबर उड़ाने की चेतावनी
वाराणसी। वाराणसी जिला न्यायालय में लगातार दूसरी बार जिला जज के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त होने से कचहरी परिसर में भय का माहौल बन गया है। इस बार धमकी में जजों के चेंबर और वकीलों के चेंबर को आरडीएक्स से उड़ाने की बात कही गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल हाल ही में प्राप्त हुआ, जिसके बाद कचहरी में सुबह से ही सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने बिना किसी पैनिक के पूरे परिसर की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन सतर्कता बरती गई।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गौतम ने मामले की जानकारी लेते हुए कहा कि दो दिनों में लगातार दो बार ऐसी धमकियां मिलने से अधिवक्ताओं और न्यायिक कर्मचारियों के बीच चिंता बढ़ गई है। उन्होंने कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।
यह घटना उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में कई जिलों की कचहरियों को मिली इसी तरह की ईमेल धमकियों की कड़ी में आती है, जिसमें अक्सर आरडीएक्स या आईईडी का जिक्र किया जाता है। पुलिस और साइबर सेल ने ईमेल के स्रोत की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने लोगों से शांत रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
