100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान में वाराणसी मंडल अव्वल, प्रदेश में हासिल किया पहला स्थान
वाराणसी। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत वाराणसी मंडल ने प्रदेशभर में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। 24 मार्च से 5 जुलाई 2026 तक चले 100 दिवसीय विशेष अभियान में वाराणसी मंडल ने विभिन्न प्रमुख मानकों पर शत-प्रतिशत उपलब्धि दर्ज कर यह सफलता हासिल की।
अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. एन.डी. शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान हाई-रिस्क आबादी की 100 प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित की गई। गांवों और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर टीबी की जांच, पहचान और उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए, जहां संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया गया। इस दौरान वाराणसी, चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर जनपदों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
अभियान में एक्स-रे जांच, माइक्रोबायोलॉजी परीक्षण, डिफरेंशिएटेड टीबी केयर, मरीजों के परिजनों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग तथा पोषण पोटली वितरण जैसे सभी प्रमुख कार्यक्रमों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया गया। इन प्रयासों के आधार पर वाराणसी मंडल को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला। वहीं आगरा और सहारनपुर मंडल को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर सम्मानित किया गया।
डॉ. एन.डी. शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय मंडल के सभी जनपदों के चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारियों तथा सहयोगी संस्थाओं को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से भविष्य में भी प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।
