Movie prime

वाराणसी: जनता दर्शन में मंडलायुक्त ने सुनीं फरियादें, अफसरों को दिए सख्त निर्देश
 

 
 वाराणसी: जनता दर्शन में मंडलायुक्त ने सुनीं फरियादें, अफसरों को दिए सख्त निर्देश
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।

मंडलायुक्त ने प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता दर्शन के दौरान राजस्व, विद्युत, पेयजल, सड़क, पेंशन, भूमि विवाद समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कई मामलों में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर संपर्क कर तत्काल कार्रवाई के लिए भी निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत हो।

जनसुनवाई कार्यक्रम में अपर आयुक्त प्रशासन आलोक वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।