वाराणसी: DM ने निर्माणधीन परियोजनाओं का किया औचक निरीक्षण, चंद्रावती घाट के पुनर्विकास कार्यों को 15 दिन में पूरा करने का दिया अल्टीमेटम
Updated: Feb 2, 2026, 22:39 IST
WhatsApp
Channel
Join Now
Facebook
Profile
Join Now
Instagram
Profile
Join Now
वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को जिले में चल रही प्रमुख निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चंद्रावती घाट के पुनर्विकास कार्यों, नेचुरोपैथी केंद्र व पंचकर्मा हट तथा कादीपुर फ्लाइओवर का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के अभियंता ने बताया कि चंद्रावती घाट परियोजना के अंतर्गत गैबियन रिटेनिंग वॉल, तीन प्लेटफॉर्म, चेंजिंग रूम और ग्रीन रूम समेत अधिकांश कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को आगामी 15 फरवरी तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना, जैन अनुयायियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और नदी मार्गों के माध्यम से इस स्थल की कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।
इसके बाद जिलाधिकारी ने नेचुरोपैथी केंद्र और पंचकर्मा हट का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था ने जानकारी दी कि स्ट्रक्चर कार्य, स्टैंडर्ड एकोमोडेशन, सुइट रूम, कर्मचारी आवास और साइट डेवलपमेंट सहित करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्य तय मानकों और गुणवत्ता के साथ मई माह तक पूर्ण कराए जाएं।
जिलाधिकारी ने कादीपुर फ्लाइओवर के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। सेतु निगम के अधिकारियों को फ्लाइओवर के फिनिशिंग से जुड़े शेष कार्यों को अगले 20 दिनों के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के अभियंता मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
