Movie prime

वाराणसी : PWD परियोजनाओं की DM ने की समीक्षा, निर्माण परियोजनाओं में देरी पर जताई नाराजगी, जल्द पूरा करने के निर्देश

 
.
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना के तहत लोक निर्माण विभाग (PWD) की स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने की। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के तहत निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, नए मार्गों तथा लघु सेतु निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
.
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से प्रत्येक परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को जल्द दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण, विवादित जमीन या अन्य प्रशासनिक अड़चनें हैं, वहां संबंधित खातेदारों और किसानों से संवाद स्थापित कर आपसी सहमति के आधार पर भूमि की रजिस्ट्री कराई जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शुरू कराया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने राजस्व संबंधी मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित तहसीलों के उपजिलाधिकारियों (SDM) से समन्वय स्थापित करने को भी कहा।

सत्येंद्र कुमार ने परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को समय-समय पर प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।