Movie prime

वाराणसी: निजी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर का कमरे में मिला शव, सिरिंज और खाली शीशी बरामद

रोहनिया के भदवर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज के 41 वर्षीय यूरोलॉजिस्ट डॉ. गौतम शुभंकर का शव उनके आवास से मिला। कमरे से इंजेक्शन की सिरिंज और एनेस्थीसिया की खाली शीशी बरामद हुई। दवा के ओवरडोज की आशंका है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: रोहनिया के भदवर स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत 41 वर्षीय यूरोलॉजिस्ट डॉ. गौतम शुभंकर का शव शनिवार रात उनके कैंपस स्थित आवास में मिला। वह शुक्रवार शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने कमरे में चले गए थे। शनिवार शाम तक अस्पताल नहीं पहुंचने पर सहकर्मियों ने उन्हें फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद आवास पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो डॉक्टर बेड पर मृत मिले।

डॉ. गौतम शुभंकर मूल रूप से पटना के कंकड़बाग के रहने वाले थे और मेडिकल कॉलेज परिसर में बने डॉक्टर आवास के कमरा नंबर 802 में रहते थे। शनिवार रात करीब आठ बजे उनके कमरे में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

कमरे में मिली इंजेक्शन की सिरिंज और खाली शीशी

पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर के शव के पास इंजेक्शन की सिरिंज और एनेस्थीसिया की दवा की खाली शीशी मिली है। इन चीजों के आधार पर प्रथम दृष्टया दवा के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।

मामले की जांच के लिए पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कमरे से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्थिति साफ हो सकेगी।

शनिवार को अस्पताल नहीं पहुंचे तो सहकर्मियों ने फोन किया

जानकारी के अनुसार, डॉ. गौतम शुक्रवार शाम ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने आवास पर चले गए थे। शनिवार शाम तक जब वह अस्पताल नहीं पहुंचे तो साथ काम करने वाले डॉक्टरों ने उनके मोबाइल पर फोन किया। फोन स्विच्ड ऑफ मिलने के बाद सहकर्मी उनके आवास पर पहुंचे।

आवास का दरवाजा अंदर से बंद था। सिक्योरिटी गार्ड ने भी कई बार आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर दाखिल हुई। वहां डॉ. गौतम बेड पर मृत अवस्था में मिले।

पत्नी से विवाद की भी सामने आई जानकारी

पुलिस की शुरुआती जांच में डॉ. गौतम के निजी जीवन से जुड़ी एक अहम जानकारी भी सामने आई है। परिचितों के मुताबिक, उनका अपनी पत्नी से पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा था। पत्नी पटना में रहती हैं। बताया जा रहा है कि करीब चार महीने पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस अभी इस पहलू समेत सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल इसे डॉक्टर की मौत का कारण नहीं माना गया है।

महिला रिश्तेदार की तहरीर पर पोस्टमार्टम

रोहनिया पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉक्टर की महिला रिश्तेदार की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने कमरे से मिले साक्ष्यों को जांच में शामिल कर लिया है। फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।