वाराणसी: गौशाला में मृत बछड़े को नोचते कुत्ते, वीडियो वायरल होते ही नगर निगम ने लिया एक्शन, कर्मचारी बर्खास्त
वाराणसी के ऐढ़े गांव स्थित कांजी हाउस में गोवंश की दुर्दशा का वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। कांग्रेस नेता अजय राय के पोस्ट के बाद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए कर्मी को बर्खास्त और अधिकारियों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की है।
वाराणसी: ऐढ़े गांव स्थित नगर निगम द्वारा संचालित कांजी हाउस में गोवंशों की दुर्दशा का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। वायरल वीडियो में मृत बछड़े को आवारा कुत्तों द्वारा नोचते हुए दिखाया गया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
इस वीडियो को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए और कार्रवाई की मांग की। पोस्ट के वायरल होते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।

नगर आयुक्त के निर्देश पर तत्काल जांच कराई गई। जांच में लापरवाही की पुष्टि होने पर सुरक्षा में तैनात एक संविदा कर्मी को बर्खास्त कर दिया गया, जबकि संबंधित राजस्व निरीक्षक को भी हटा दिया गया है। इसके अलावा कांजी हाउस के प्रभारी अधिकारी (पशु कल्याण) के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।

नगर निगम ने अपने आधिकारिक जवाब में बताया कि 5 अप्रैल की रात एक आक्रामक गोवंश ने एक बछड़े को मार दिया था और कांजी हाउस के गेट को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। इसके बाद आवारा कुत्ते अंदर घुस आए और मृत गोवंश को नुकसान पहुंचाया।
घटना के सामने आने के बाद नगर निगम ने प्रेस नोट जारी कर स्पष्ट किया कि मामले में जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा चुकी है और आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
