पीपल, पाकड़ और बरगद से हराभरा होगा डोमरी, पौधारोपण अभियान से पहले मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण
वाराणसी के डोमरी क्षेत्र में एक मार्च को प्रस्तावित महापौधारोपण अभियान से पहले मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा और पौधों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यहां पीपल, पाकड़, बरगद के साथ हर्बल पार्क और नक्षत्र वाटिका विकसित की जाएगी।
वाराणसी: शहर की हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक मार्च को डोमरी क्षेत्र में प्रस्तावित महापौधारोपण अभियान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने चिन्हित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पौधों की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं।
उन्होंने पौधारोपण के लिए चयनित प्रजातियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, पौधों की समुचित सुरक्षा तथा नियमित सिंचाई की प्रभावी व्यवस्था करने पर विशेष जोर दिया।
मंडलायुक्त ने कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
गौरतलब है कि डोमरी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पीपल, पाकड़ और बरगद जैसे छायादार एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण वृक्ष लगाए जाएंगे। इसके साथ ही यहां हर्बल पार्क और नक्षत्र वाटिका विकसित करने का भी प्रस्ताव है। निरीक्षण के दौरान वन विभाग, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
