वाराणसी: एमडी की तैयारी कर रहीं डॉ. रुचिका मौर्य ने की आत्महत्या, नवंबर में होनी थी शादी
वाराणसी I वाराणसी कमिश्नरेट के लंका थाना क्षेत्र स्थित शिवम कॉम्प्लेक्स में सोमवार दोपहर 30 वर्षीय डॉ. रुचिका मौर्य ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शाम को सूचना मिलने पर लंका पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, और पुलिस मामले के कारणों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, डॉ. रुचिका मौर्य मुंबई के एक निजी अस्पताल में कार्यरत थीं और कुछ समय पहले ही घर लौटी थीं। वह एमडी की तैयारी कर रही थीं। सोमवार सुबह उन्होंने अपने पिता अधिवक्ता अविंद्रनाथ मौर्य के लिए भोजन तैयार किया था, जिसके बाद वे कचहरी चले गए थे।
शाम को जब पिता घर लौटे और दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां डॉ. रुचिका पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई मिलीं।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली।
परिजनों ने बताया कि डॉ. रुचिका की शादी नवंबर में तय थी और जुलाई में उनकी सगाई होने वाली थी। वह अपने परिवार में सबसे बड़ी थीं। उनकी मां का निधन लगभग आठ वर्ष पहले हो चुका है, जबकि छोटा भाई मुंबई में नौकरी करता है।
