चांद का नहीं हुआ दीदार, आज अलविदा नमाज, 21 मार्च को ईद
वाराणसी में 29वें रोजे पर चांद नजर नहीं आया, जिसके चलते एक और रोजा रखा जाएगा। अब 21 मार्च को ईद मनाई जाएगी। शुक्रवार को अलविदा की नमाज अदा होगी। शहर की प्रमुख मस्जिदों में ईद की नमाज तय समय पर अदा की जाएगी।
वाराणसी: मुकद्दस रमजान के दौरान रोजेदारों को एक और रोजा रखना होगा, क्योंकि बृहस्पतिवार (29वें रोजे) को चांद का दीदार नहीं हो सका। ऐसे में अब शुक्रवार को अलविदा की नमाज अदा की जाएगी, जबकि ईद का त्योहार 21 मार्च को मनाया जाएगा।
नई सड़क स्थित लंगड़े हाफिज मस्जिद में रूय्यत-ए-हिलाल कमेटी द्वारा चांद की तस्दीक के प्रयास किए गए, लेकिन पूर्वांचल सहित देशभर में कहीं से भी चांद दिखाई देने की कोई सूचना नहीं मिली। मौलाना हारून रशीद नक्शबंदी ने पुष्टि की कि चांद की तस्दीक नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि सऊदी अरब में भी ईद का चांद बुधवार को नजर नहीं आया था, जिसके चलते यहां भी चांद न दिखने की संभावना जताई जा रही थी।
अब शुक्रवार को अलविदा की नमाज अदा की जाएगी और इसके बाद 21 मार्च को ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया जाएगा।
ईद की नमाज शहर की विभिन्न मस्जिदों में निर्धारित समय पर अदा की जाएगी, जिनमें ज्ञानवापी, जामा मस्जिद नदेसर, लंगड़े हाफिज मस्जिद, ईदगाह पुलकोहना, गोगा की बाग, अर्दली बाजार, भेलूपुरा समेत अन्य प्रमुख स्थान शामिल हैं, जहां अलग-अलग समय पर नमाज अदा होगी।
