Movie prime

वाराणसी: चुनावी तैयारियां तेज, DM ने कहा- हर बूथ पर हों सभी मूलभूत सुविधाएं

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर वाराणसी प्रशासन ने मतदेय स्थलों (मतदान केंद्रों) के सत्यापन की प्रक्रिया तेज कर दी है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान केंद्रों के संशोधन प्रस्तावों पर चर्चा की गई और राजनीतिक दलों से प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सभी एसडीएम और ईआरओ को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थलों का स्वयं निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होना सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदान के दिन मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अब तक प्राप्त शिकायतों, सुझावों और आपत्तियों का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। बिना गहन जांच के किसी भी प्रस्ताव को अंतिम रूप न दिया जाए।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि यदि मतदान केंद्रों से संबंधित कोई सुझाव, आपत्ति या संशोधन प्रस्ताव हो तो उसे लिखित रूप में जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराएं। इन सभी प्रस्तावों की भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों और आम जनता से प्राप्त सुझावों के परीक्षण और निस्तारण के बाद 18 जुलाई को मतदेय स्थलों की अंतिम सूची तैयार कर जारी की जाएगी।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज कुमार, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।