Movie prime

वाराणसी में एक ही दिन करंट से 3 मौतें: झालर लगाते समय बेटे को लगा करंट, बचाने पहुंचे पिता की भी गई जान

वाराणसी में मंगलवार को करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। लल्लापुरा में झालर लगाते समय 18 वर्षीय अनस को करंट लगा, बचाने पहुंचे पिता सलीमुद्दीन की भी जान चली गई। चेतगंज में वाटर कूलर में उतरे करंट से 50 वर्षीय दुकानदार त्रिलोकी मोदनवाल की मौत हुई।

 
वाराणसी में एक ही दिन करंट से 3 मौतें
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: शहर में मंगलवार को बिजली का करंट तीन परिवारों पर कहर बनकर टूटा। सिगरा और चेतगंज थाना क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। लल्लापुरा के काजीपुर खुर्द में घर की बिजली झालर ठीक करते समय 18 वर्षीय अनस करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने पहुंचे उसके पिता सलीमुद्दीन उर्फ पप्पू (45) भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, चेतगंज के पान दरीबा तिराहे पर वाटर कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से 50 वर्षीय दुकानदार त्रिलोकी मोदनवाल की जान चली गई।

झालर लगाते समय बेटे को लगा करंट, बचाने पहुंचे पिता भी चपेट में आए

पहली घटना लल्लापुरा क्षेत्र के काजीपुर खुर्द की है। सलीमुद्दीन के घर में मिलाद-उन-नबी यानी बारावफात की तैयारी चल रही थी। परिवार घर को झालर और रोशनी से सजाने की तैयारी में था।

बताया गया कि बिजली मिस्त्री नहीं मिलने पर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे सलीमुद्दीन का इकलौता बेटा अनस खुद ही घर में झालर लगाने लगा। झालर में कुछ बल्ब नहीं जल रहे थे। अनस उन्हें ठीक करने की कोशिश कर रहा था, तभी लतर में शॉर्ट सर्किट हो गया और पूरी झालर में करंट दौड़ गया।

करंट लगने से अनस तार से चिपक गया और छटपटाने लगा। बेटे को बचाने के लिए सलीमुद्दीन दौड़े, लेकिन उन्हें भी करंट ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में दोनों को मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार पर रोजी-रोटी का संकट

सलीमुद्दीन तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और एमजे मैरिज लॉन में मैनेजर के तौर पर काम करते थे। उनके दोनों छोटे भाई पावरलूम का काम करते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा अनस और एक बेटी थी। अनस की मौत से परिवार ने अपना इकलौता बेटा खो दिया, जबकि पिता सलीमुद्दीन की मौत के बाद बेटी के सिर से भी पिता का साया उठ गया।

सलीमुद्दीन परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। हादसे के बाद घर में मातम पसरा हुआ है।

वाटर कूलर में उतरा करंट, दुकानदार की मौत

दूसरी घटना चेतगंज थाना क्षेत्र के पान दरीबा तिराहे की है। यहां 50 वर्षीय दुकानदार त्रिलोकी मोदनवाल की वाटर कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वाटर कूलर में करंट उतरने के बाद त्रिलोकी उसकी चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। बिजली का कनेक्शन कटवाने के बाद उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पिता-पुत्र समेत तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।