Movie prime

वाराणसी: बिना शटडाउन पोल पर चढ़ाया, करंट से संविदाकर्मी की मौत! JE सस्पेंड, 5 पर FIR दर्ज

वाराणसी के तेलियाबाग चौराहे पर बिजली लाइन के पास पेड़ की छंटाई के दौरान करंट लगने से संविदाकर्मी शिव प्रकाश यादव की मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर जेई समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई, जबकि प्रथम दृष्टया लापरवाही मिलने पर संबंधित जेई को निलंबित कर दिया गया।
 
FIR Against Electricity Officials
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: तेलियाबाग चौराहे पर बिजली लाइन के पास पेड़ की छंटाई के दौरान करंट लगने से 28 वर्षीय संविदाकर्मी शिव प्रकाश यादव की मौत हो गई। परिजनों ने लापरवाही के लापरवाही के आरोप पर पुलिस ने अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी (एसडीओ), अवर अभियंता (जेई), लाइनमैन समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर संबंधित जेई वीरेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

परिजनों का आरोप- बिना शटडाउन लिए पोल पर चढ़ाया

मृतक के बड़े भाई सत्यप्रकाश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि शनिवार दोपहर करीब 12:10 बजे चौकाघाट उपकेंद्र के तेलियाबाग फीडर की बिजली लाइन के पास पेड़ की छंटाई का कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि जेई वीरेंद्र कुमार ने बिजली लाइन का शटडाउन लिए बिना ही दबाव बनाकर शिव प्रकाश को पोल पर चढ़ा दिया।

जैसे ही वह काम शुरू करने पहुंचे, लाइन में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और वह उसकी चपेट में आ गए। गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव रखकर किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम करीब 6:30 बजे शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद परिजन शव लेकर चौकाघाट विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और परिसर में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की।

JE निलंबित, पांच अधिकारियों पर दर्ज हुआ मुकदमा

घटना के बाद बिजली विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लिया। अधीक्षण अभियंता विनीत मौर्या ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संबंधित जेई वीरेंद्र कुमार की लापरवाही प्रथम दृष्टया सामने आई, जिसके आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वहीं, पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अधिशासी अभियंता, एसडीओ, जेई, लाइनमैन सहित पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पिता भी रहे बिजली विभाग में लाइनमैन

शिव प्रकाश यादव मूल रूप से चंदौली जिले के कटरिया गांव के निवासी थे। उनके पिता राजकुमार यादव बिजली विभाग के कबीरचौरा विद्युत उपकेंद्र पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे और दिसंबर 2025 में सेवानिवृत्त हुए थे। शिव प्रकाश ने वर्ष 2019 में अपने पिता के साथ ही संविदा पर बिजली विभाग में काम शुरू किया था। हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

रामनगर में हुआ अंतिम संस्कार

शनिवार देर रात शिव प्रकाश यादव का अंतिम संस्कार रामनगर के कोदोपुर श्मशान घाट पर किया गया। उनके पिता राजकुमार यादव ने नम आंखों से बेटे को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों, ग्रामीणों और विभागीय कर्मचारियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

जांच के बाद तय होगी जिम्मेदारी

पुलिस और बिजली विभाग दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि क्या सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई थी, क्या बिना शटडाउन कार्य कराया गया और हादसे के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है। यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।