Movie prime

वाराणसी: लंका चौराहे पर ई-रिक्शा पर रोक, जाम से राहत के लिए नया प्रयोग, इन पॉइंट्स पर होगा ठहराव
 

 
 वाराणसी: लंका चौराहे पर ई-रिक्शा पर रोक, जाम से राहत के लिए नया प्रयोग, इन पॉइंट्स पर होगा ठहराव
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शुमार लंका चौराहे पर लगातार जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने एक नया प्रयोग शुरू किया है। बुधवार को एसीपी गौरव कुमार और एसीपी ट्रैफिक ने लंका क्षेत्र में ई-रिक्शा को डायवर्ट करने का निर्देश दिया, जिससे ट्रॉमा सेंटर, नरिया और बीएचयू की ओर जाने वाले मार्गों पर जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

नई व्यवस्था के तहत सामनेघाट की ओर से लंका की तरफ जाने वाले किसी भी ई-रिक्शा को चौराहे पर नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे ई-रिक्शा को बीच रास्ते में ही वापस सामनेघाट या भगवानपुर की ओर मोड़ दिया जाएगा। इसी तरह, नरिया की ओर से लंका आने वाले ई-रिक्शा को रश्मि नगर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा, जबकि रविंद्रपुरी से लंका की ओर आने वाले ई-रिक्शा को रविदास गेट के पास ही रोककर मोड़ दिया जाएगा। ई-रिक्शा चालकों को नगवा चौकी के पास, रश्मि नगर और रविदास गेट पर रुकने की व्यवस्था की गई है।

एसीपी ने बताया कि लंका चौराहा शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है, जहां सुबह से देर रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इसकी मुख्य वजह अव्यवस्थित तरीके से चल रहे ई-रिक्शा हैं, जो चौराहे पर भीड़ बढ़ाकर यातायात को बुरी तरह प्रभावित करते हैं। नए ट्रैफिक प्लान को बुधवार को लागू किया गया और शुरुआती तौर पर यह सफल रहा। यातायात सुचारू रूप से चलता रहा तो इसे स्थायी रूप से लागू कर दिया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने पुलिस के इस कदम की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे लंका चौराहे पर लगने वाले लंबे जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। पुलिस का कहना है कि सफल होने पर ऐसे प्रयोग भीड़भाड़ वाले अन्य क्षेत्रों में भी किए जा सकते हैं, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।