Movie prime

एक्सपायरी एनर्जी ड्रिंक पीने से पांच बच्चों की तबीयत बिगड़ी, चार जिला अस्पताल रेफर

वाराणसी के चिरईगांव के रुस्तमपुर गांव में एनर्जी ड्रिंक पीने के बाद पांच बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई। चार बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। स्वास्थ्य विभाग की जांच में दुकान से एक्सपायरी पेय पदार्थ बेचने की बात सामने आई।

 
एनर्जी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। चिरईगांव क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव में दुकान से खरीदी गई एनर्जी ड्रिंक पीने के बाद पांच बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई। सोमवार सुबह हालत ज्यादा खराब होने पर परिजन सभी बच्चों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी नरपतपुर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चार बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी रुस्तमपुर गांव पहुंची। जांच के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों को जानकारी मिली कि बच्चों को दुकान से एक्सपायरी डेट निकल चुकी पेय पदार्थ बेचा गया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों को पैकेटबंद खाद्य और पेय पदार्थ खरीदते समय उसकी निर्माण और एक्सपायरी तिथि जांचने की सलाह दी।

शनिवार को खरीदी थी एनर्जी ड्रिंक

जानकारी के अनुसार रुस्तमपुर निवासी दिलीप के चार बच्चे अशोक (12), आनंद (9), जाह्नवी (8) और अभय (6) तथा श्रवण की बेटी जूली (8) ने शनिवार को गांव की एक दुकान से स्टिंग एनर्जी ड्रिंक खरीदी थी।

बताया गया कि पेय पदार्थ पीने के करीब दो दिन बाद सोमवार सुबह बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। करीब 10 बजे उन्हें उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत बढ़ गई। इसके बाद परिजनों ने सभी को उपचार के लिए सीएचसी नरपतपुर पहुंचाया।

चार बच्चों को जिला अस्पताल किया गया रेफर

सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजनाथ के अनुसार बच्चों को डायरिया की शिकायत थी। दिलीप के चारों बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं एक बच्ची का इलाज उसके परिजन निजी स्तर पर करा रहे हैं। अस्पताल में बच्चों का उपचार शुरू होने के बाद स्वास्थ्य विभाग को घटना की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर की जांच

मामले की सूचना मिलने पर पीएचसी प्रभारी चिरईगांव डॉ. मनोज कुमार वर्मा और वरिष्ठ स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कमलसेन रुस्तमपुर पहुंचे। स्वास्थ्य टीम ने घटना की जानकारी लेने के साथ प्रभावित परिवारों से भी बातचीत की।

जांच में स्वास्थ्य विभाग को पता चला कि संबंधित दुकान से बच्चों को एक्सपायरी डेट निकल चुका पेय पदार्थ बेचे जाने की बात सामने आई है। हालांकि, बच्चों की तबीयत खराब होने की वजह की पुष्टि के लिए चिकित्सकीय जांच और अन्य कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

ग्रामीणों को एक्सपायरी डेट जांचने की सलाह

पीएचसी प्रभारी ने बस्ती के लोगों को जागरूक करते हुए पैकेटबंद खाद्य पदार्थ और पेय पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी उत्पाद खरीदने से पहले उसकी निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट जरूर देखनी चाहिए।