Movie prime

वाराणसी : जमीन विवाद में किसान की पीट-पीटकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

 
वाराणसी : जमीन विवाद में किसान की पीट-पीटकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : रोहनिया थाना क्षेत्र में जमीन बंटवारे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां पट्टीदारों ने एक किसान की बेरहमी से पिटाई कर दी। इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

फावड़े और डंडों से हमला

घटना घमहापुर (हरदत्तपुर) गांव की है, जहां 45 वर्षीय लालधर पटेल अपने घर के बाहर मवेशियों के लिए नाद बना रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी लक्ष्मी नारायण पटेल ने इसका विरोध करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि लक्ष्मी नारायण के बेटों आशीष और अरविंद ने लाठी-डंडों और फावड़े से लालधर पर हमला कर दिया। सिर पर वार होने से वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

बचाव में आए बेटे भी घायल

पिता को बचाने पहुंचे उनके बेटे अभय और नितेश भी हमले में घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन पहले घायल को निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर सर सुंदर लाल अस्पताल (BHU) रेफर किया गया। इलाज के दौरान मंगलवार दोपहर लालधर पटेल ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी नारायण पटेल, आशीष पटेल और अरविंद पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। पहले इस मामले में मारपीट की धाराओं में केस दर्ज था, लेकिन अब हत्या की धाराएं जोड़ दी गई हैं।

पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिवार में मचा कोहराम

मृतक किसान की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।