Movie prime

वाराणसी: शादी की तैयारियों के बीच तीन मंजिला फ्लैट में लगी भीषण आग, 4 लाख का सामान जलकर राख
 

 
 वाराणसी: शादी की तैयारियों के बीच तीन मंजिला फ्लैट में लगी भीषण आग, 4 लाख का सामान जलकर राख
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के अशोक बिहार कॉलोनी फेज-1 स्थित एक तीन मंजिला फ्लैट में बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था। परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम से बाहर गए हुए थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज गांव निवासी राज किशोर सिंह अशोक बिहार कॉलोनी फेज-1 में परिवार के साथ रहते हैं। भवन के प्रथम तल पर एक अन्य परिवार रहता है, जबकि ऊपर के दो तल पर राज किशोर सिंह का परिवार रहता है।

बुधवार को राज किशोर सिंह घर से बाहर थे। उनकी पत्नी नीलम सिंह, जो बीएलओ के रूप में कार्यरत हैं, ड्यूटी पर गई थीं। बेटी नैना अपने बुटीक और बेटा अभिषेक सिंह फिजियोथैरेपी का कोर्स सीखने इंस्टीट्यूट गया हुआ था। घर में ताला बंद था।

करीब 11 बजे आसपास के लोगों ने फ्लैट से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। इसके बाद पड़ोसियों ने तत्काल राज किशोर सिंह और दमकल विभाग को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

आग में एसी, टीवी, फ्रिज, पंखे, फर्नीचर समेत करीब चार लाख रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग की वजह से फ्लैट की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल की गाड़ी समय पर नहीं पहुंचती तो आग विकराल रूप धारण कर आसपास के अन्य फ्लैटों तक फैल सकती थी।

राज किशोर सिंह की बेटी नैना की नवंबर में शादी तय है और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। शादी के लिए जुटाया गया सामान भी आग की चपेट में आकर जल गया। घटना के बाद परिवार में खुशी का माहौल अचानक मातम और चिंता में बदल गया। जला हुआ सामान देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है।