वाराणसी: अहिल्याबाई घाट पर तीन मंजिला मकान में लगी आग, 12 लोग बाल-बाल बचे
वाराणसी: दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के अहिल्याबाई घाट के ऊपर स्थित एक तीन मंजिला मकान में गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह पूजा के दौरान कपूर की चिंगारी बताई जा रही है, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि मकान मालिक गोपाल साहनी सुबह ऊपरी मंजिल पर बने पूजा घर में आरती कर रहे थे। इसी दौरान कपूर की थाल से निकली चिंगारी पास लगे परदे में जा गिरी, जिससे आग भड़क उठी। शुरुआत में छोटी दिखने वाली आग कुछ ही मिनटों में तेजी से फैलकर पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें बढ़ती देख घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मकान में रह रहे करीब 12 लोग किसी तरह समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना आसान नहीं था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। संकरी गलियों के कारण दमकल कर्मियों को मौके तक पहुंचने और आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मकान मालिक के अनुसार, इस घटना में घर में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण पूजा के दौरान हुई लापरवाही सामने आया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मामले की जांच जारी है।
