Movie prime

वाराणसी में फ्लैट के नाम पर 10.80 लाख की ठगी, दो साल बाद भी नहीं मिली लोकेशन

वाराणसी में फ्लैट दिलाने के नाम पर महिला से 10.80 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। दो साल बाद भी फ्लैट न मिलने पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। भेलूपुर थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: वाराणसी में फ्लैट दिलाने के नाम पर एक महिला से 10.80 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने इस संबंध में भेलूपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि दो साल बीत जाने के बावजूद आरोपी ने न तो फ्लैट दिखाया और न ही उसकी लोकेशन बताई।

मालती बाग निवासी रजिया बेगम ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात अक्टूबर 2023 में नदेसर राजाबाजार निवासी हाजी मकसूद और उनके बेटे जियाउल हक उर्फ जुबैन से हुई थी। मकसूद ने खुद को उनका दूर का रिश्तेदार बताते हुए कहा कि एक फ्लैट निर्माणाधीन है, जिसमें निवेश करने पर मूलधन के साथ 25 लाख रुपये से अधिक का मुनाफा मिलेगा। इसी भरोसे पर उन्होंने पहली किस्त के रूप में 3 लाख रुपये दिए।

पीड़िता के अनुसार इसके बाद 6 नवंबर 2023 को उन्होंने चेक के माध्यम से 2 लाख रुपये दिए। कुछ समय बाद 14 दिसंबर 2023 को कोटक बैंक के चेक से 2.30 लाख रुपये और दिए गए। इसके अतिरिक्त 2 लाख रुपये नकद भी दिए गए। बाद में जियाउल हक के पिता मकसूद ने इमरजेंसी का हवाला देकर 1.50 लाख रुपये और ले लिए। इस तरह कुल मिलाकर 10.80 लाख रुपये आरोपी पक्ष को दिए गए।

रजिया बेगम ने बताया कि जब उन्होंने फ्लैट देखने की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा। काफी समय बाद उन्हें पता चला कि जियाउल हक ने दालमंडी में मुस्लिम मुसाफिरखाने के पास एक फ्लैट अपने नाम पर ले लिया है। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए तो आरोपी ने उन्हें घुमाना शुरू कर दिया और बातचीत से बचने लगा।

पीड़िता का आरोप है कि लगातार पैसे मांगने पर आरोपी ने फोन पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। मानसिक रूप से परेशान होकर उन्होंने एसीपी भेलूपुर से शिकायत की, जिसके बाद उनके निर्देश पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपी जियाउल हक उर्फ जुबैन के खिलाफ बीएनएस की धारा 406, 504 और 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।