Movie prime

वाराणसी: कोर्ट में गलत आपराधिक इतिहास पेश करना पुलिसकर्मियों को पड़ा भारी, चार निलंबित

 
Suspend
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी में पुलिसकर्मियों की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। एक आरोपी का गलत आपराधिक रिकॉर्ड तैयार कर जिला न्यायालय और हाईकोर्ट में दाखिल करने के आरोप में तीन उप निरीक्षकों और एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं।

मामला मंडुवाडीह थाने में दर्ज करोड़ों रुपये की जमीन धोखाधड़ी के मुकदमे से जुड़ा है। इस मामले में रोहनिया निवासी आरोपी राजेंद्र प्रसाद का आपराधिक इतिहास तैयार कर कोर्ट में पेश किया गया था। आरोप है कि पुलिस की ओर से तैयार रिपोर्ट में राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने की गलत जानकारी दी गई थी।

जानकारी के मुताबिक, रोहनिया थाने में तैनात हेड कांस्टेबल दयानंद मिश्र ने आरोपी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज होने की रिपोर्ट तैयार की थी। इस रिपोर्ट पर एसएसआई मोहित वर्मा ने हस्ताक्षर किए थे। इसके बाद विवेचक चंद्रशेखर यादव ने इसी रिपोर्ट को जिला न्यायालय में दाखिल किया, जबकि विवेचक परवेज अहमद ने इसे हाईकोर्ट में प्रस्तुत किया था।

मामले में गलत आपराधिक रिकॉर्ड न्यायालय के सामने पेश किए जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी वरुणा जोन राजेश पांडेय ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तीन उप निरीक्षकों और एक हेड कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आरोपी का गलत आपराधिक रिकॉर्ड किस आधार पर तैयार किया गया और न्यायालय में दाखिल करने से पहले उसका सत्यापन क्यों नहीं किया गया।