Movie prime

वाराणसी: अस्सी-दशाश्वमेध घाट पर फ्री वाई-फाई, साइकिल-ठेले पर लाइसेंस शुल्क माफ, चारों दिशाओं में मीट मार्केट जोन बनेगा
 

 
 वाराणसी: अस्सी-दशाश्वमेध घाट पर फ्री वाई-फाई, साइकिल-ठेले पर लाइसेंस शुल्क माफ, चारों दिशाओं में मीट मार्केट जोन बनेगा
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I फरवरी महीने से ही अस्सी और दशाश्वमेध घाट पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं को फ्री वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। यह निर्णय मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में हुई कार्यकारिणी बैठक में लिया गया।

बैठक में जर्जर सड़कों की मरम्मत का कार्य मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। छोटे व्यापारियों को राहत देते हुए साइकिल रिक्शा, ट्रॉली, ठेला और हाथ के ठेलों पर लाइसेंस शुल्क को पूरी तरह माफ कर दिया गया है। साथ ही लाइसेंस प्रक्रिया को ऑनलाइन करने का फैसला हुआ।

दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) की प्रक्रिया को तेज करने के लिए आवेदन के दिन ही कागजातों की जांच कर फाइल नंबर जारी करने की व्यवस्था लागू की जाएगी। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अस्सी नाले पर बैराज निर्माण का निर्णय लिया गया, जिससे बाढ़ का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

मलिन बस्तियों (सेवा बस्तियों) में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए सीवर, स्ट्रीट लाइट आदि की सर्वे कर एक महीने में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने के लिए एबीसी (Animal Birth Control) सेंटर का संचालन 10 दिनों में शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है। शहर में वॉटरकूलरों की संख्या 18 से बढ़ाकर 28 करने का भी निर्णय हुआ।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि पद्म अवॉर्डी के सम्मान में उनके गली-मोहल्लों के नामकरण की प्रक्रिया 31 मार्च तक पूरी कर ली जाएगी। अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने जानकारी दी कि 30 प्रतिशत कर्मचारियों के स्थानांतरण की सूची तैयार है और मार्च तक 10 स्टे समाप्त कराने का लक्ष्य है। खराब झूलों की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

शहर के चारों कोनों पर विशेष मीट मार्केट जोन विकसित करने का बड़ा फैसला लिया गया। पिसौर क्षेत्र, चितईपुर, रामनगर और सूजाबाद के बीच, साथ ही सारनाथ (ऐढ़े) में स्थानों को चिह्नित किया गया है। इन जोनों में अत्याधुनिक दुकानें, पार्किंग और कचरा निस्तारण के लिए आधुनिक सिस्टम लगाए जाएंगे।

महाशिवरात्रि की तैयारियों के मद्देनजर 15 फरवरी को होने वाली एक दिवसीय पंचक्रोशी यात्रा को ध्यान में रखते हुए शहर की सड़कों-गलियों को प्लास्टिक मुक्त रखने का लक्ष्य रखा गया है। पूरे यात्रा मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलेगा। प्रमुख शिव मंदिरों (श्री काशी विश्वनाथ, महामृत्युंजय आदि) की ओर जाने वाले सभी मार्गों को 12 फरवरी तक गड्ढा मुक्त करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। मेयर ने 12 फरवरी तक सभी संबंधित कार्य पूरे करने की समयसीमा तय की है।