Movie prime

गंगा में ओवरलोडिंग पर पुलिस सख्त, 13 नावें सीज, कई पर केस दर्ज

वाराणसी में गंगा नदी में नाव संचालन की सुरक्षा जांच के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। 173 नावों की जांच में 13 नावें सीज की गईं और चार मामलों में केस दर्ज हुआ। कई नावों में लाइफ जैकेट नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने सुरक्षा नियमों के पालन की सख्त चेतावनी दी।

 
ओवरलोडिंग पर पुलिस सख्त
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने गंगा नदी में नाव संचालन को सुरक्षित और नियमों के अनुरूप बनाए रखने के लिए गुरुवार को विशेष सघन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने कुल 173 नावों की जांच की। एक नाव निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां लेकर संचालित करते हुए पाई गई, जिसके खिलाफ कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में भी कई खामियां सामने आईं। 15 नावों में लाइफ जैकेट की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिली, जिस पर संबंधित नाव चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई और भविष्य में नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई।

पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 13 नावों को सीज किया गया, जबकि चार मामलों में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। वहीं प्रदूषण नियंत्रण की जांच में कोई भी इंजन चालित नाव प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करती हुई नहीं मिली।

अभियान के साथ-साथ पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया। नाव चालकों और यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने, सुरक्षा नियमों का पालन करने और गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए प्रेरित किया गया। इसके लिए माइक अनाउंसमेंट और मौके पर समझाइश का सहारा लिया गया।

पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि गंगा में नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि यात्रियों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।