Movie prime

वाराणसी में गंगा और वरुणा नदी के किनारे बनेंगे 89.2 KM के एलिवेटेड कॉरिडोर, 32 कंपनियों ने लगाई बोली

वाराणसी में गंगा और वरुणा नदी के किनारे 89.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर बनाए जाएंगे। 25,446 करोड़ रुपये की दोनों परियोजनाओं के चार पैकेजों के लिए 32 निविदाएं मिली हैं। इनके बनने से एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, घाटों और प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी और यात्रा का समय घटेगा।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: गंगा और वरुणा नदी के किनारे प्रस्तावित दो एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं को लेकर निर्माण कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाई है। कुल 25,446 करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं के चार पैकेजों के लिए 32 निविदाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर के दो पैकेजों के लिए 15 और गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर के दो पैकेजों के लिए 17 कंपनियों ने निविदाएं जमा की हैं।

दोनों कॉरिडोर की कुल लंबाई 89.2 किलोमीटर होगी। इनके बनने से शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। परियोजनाओं में पर्यटकों की सुविधा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, इससे शहरवासियों और वाराणसी आने वाले पर्यटकों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर से 40 मिनट का सफर 20 मिनट में होगा पूरा

वरुणा नदी के किनारे 43.2 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह एनएच-31 को रिंग रोड से जोड़ेगा। हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (एचएएम) पर बनने वाली इस परियोजना की अनुमानित लागत 10,998.32 करोड़ रुपये है।

परियोजना में मुख्य एलिवेटेड मार्ग के साथ फ्लाईओवर, लूप, रैंप और सर्विस रोड का निर्माण भी शामिल है। इसके बनने से एनएच-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच सफर का समय करीब 40 मिनट से घटकर 20 मिनट रह जाएगा। कॉरिडोर पर वाहनों की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।

इससे एयरपोर्ट, काशी रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन और रामनगर की ओर आने-जाने में भी आसानी होगी।

गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर से पर्यटन स्थलों तक पहुंच होगी आसान

गंगा नदी के किनारे 46 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रस्तावित है। यह एनएच-19 को रिंग रोड से जोड़ेगा। हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल पर बनने वाली इस परियोजना की कुल लागत 14,447.64 करोड़ रुपये है।

इसमें छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके अलावा 910 मीटर लंबा केवल-स्टैंड पुल और 1.32 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फुट ओवरब्रिज-कम-मेजर ब्रिज भी परियोजना का हिस्सा होगा। लूप, रैंप, लिंक रोड और सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा।

कॉरिडोर बनने से एनएच-19, रिंग रोड, रामनगर और आसपास के क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। परियोजना के तहत इस मार्ग पर यात्रा का समय करीब 60 मिनट से घटकर 20 मिनट होने का अनुमान है। इससे यात्रियों के समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।

काशी विश्वनाथ मंदिर से नमो घाट तक पहुंचना होगा आसान

दोनों एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, नमो घाट, रामनगर किला और गंगा के प्रमुख घाटों तक पहुंच आसान होगी। इसके साथ ही लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और रामनगर के औद्योगिक क्षेत्रों तक आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा।

वाराणसी और चंदौली के आर्थिक केंद्रों को मिलेगा फायदा

एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, दोनों परियोजनाओं को प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इनसे वाराणसी के साथ चंदौली के सामाजिक और आर्थिक केंद्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

मालवाहक वाहनों की आवाजाही सुगम होने से लॉजिस्टिक्स लागत घटने की उम्मीद है। इसके अलावा सड़क सुरक्षा बेहतर बनाने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी ये परियोजनाएं अहम भूमिका निभा सकती हैं।