वाराणसी: रामनगर से नमो घाट तक शुरू होगी वाटर बोट सर्विस, जानिए कितना होगा किराया
वाराणसी में गंगा वाटर बोट सेवा का ट्रायल सफल रहा है और अगले महीने से नियमित संचालन शुरू होने की उम्मीद है। पहले चरण में चार बोट चलेंगी, जिनमें दो का ट्रायल पूरा हो चुका है। जेटी लगाने की प्रक्रिया जारी है। बोट में 50 सीटें होंगी और किराया ₹125 से शुरू होगा।
वाराणसी: वाराणसी की गंगा में वाटर बोट सेवा को शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ट्रायल रन शुरू कर दिया गया है। अगले महीने से इसके नियमित संचालन की उम्मीद जताई जा रही है। यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए घाटों पर जेटी लगाने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
पहले फेज में कुल चार वाटर बोट चलाने की तैयारी है, जिनमें से दो बोट का ट्रायल सफल रहा है। इनका संचालन रामनगर से नमो घाट तक प्रस्तावित है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को एक नया, आकर्षक और सुरक्षित वाटर ट्रांसपोर्ट विकल्प उपलब्ध होगा।
दो साल बाद गंगा में लौट रही बोट सेवा
करीब दो वर्ष पहले गुजरात की एक कंपनी ने CSR फंड के तहत 10 वाटर बोट वाराणसी को उपलब्ध कराई थीं। संचालन का जिम्मा वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (VCTSL) को दिया गया था, लेकिन तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से इन्हें शुरू नहीं किया जा सका।
बाद में इन्हें पर्यटन विभाग को सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू हुई, लेकिन अंततः संचालन का कार्य फिर से VCTSL को ही मिला। फिलहाल सभी बोट राल्हूपुर (रामनगर) स्थित मल्टी मॉडल टर्मिनल पर खड़ी हैं।
बोट का मॉडर्न लुक – बड़े शीशे, नई सीटें
सेवा प्रदाता रामनरेश निषाद के साथ हुए अनुबंध के बाद बोटों का संवारना शुरू हो गया है। आधुनिकता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इनमें कई बदलाव किए गए हैं- बेहतर दृश्यता के लिए दोनों तरफ बड़े शीशे, सीट कवर बदलकर आकर्षक इंटीरियर, बाहरी बॉडी में नए डिज़ाइन और सेफ्टी फीचर। फिलहाल दो बोट को तैयार कर ट्रायल किया जा रहा है, जबकि दो अन्य बोट का सुंदरीकरण जारी है।
बुकिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन
VCTSL के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक AK सिंह ने बताया कि बोट की बुकिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से की जा सकेगी। न्यूनतम किराया: ₹125 प्रति व्यक्ति, अधिकतम किराया: ₹325 प्रति व्यक्ति, गंगा आरती (दशाश्वमेध) देखने के लिए 2 घंटे का किराया: ₹175 प्रति व्यक्ति। प्रत्येक बोट में 50 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी, जिससे यह सेवा पर्यटन और स्थानीय आवागमन दोनों के लिए उपयोगी साबित होगी।
जल्द लगेगी जेटी, निगम से पत्राचार जारी
यात्रियों के चढ़ने-उतरने की सुविधा के लिए घाटों पर जेटी लगाने का प्रस्ताव नगर निगम को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही इनका निर्माण शुरू हो जाएगा। गंगा बोट सेवा के शुरू होने से वाराणसी की नदी परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा और पर्यटकों को काशी की सुंदरता का नया अनुभव मिलेगा।
