Movie prime

घरेलू गैस की किल्लत में बढ़ा अवैध कारोबार, वाराणसी में दो जगहों पर छापेमारी, 17 सिलेंडर जब्त 

वाराणसी में घरेलू गैस की कालाबाजारी के खिलाफ आपूर्ति विभाग ने दो स्थानों पर छापेमारी कर 17 सिलिंडर बरामद किए। अवैध गैस भरने के उपकरण भी मिले। तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रशासन ने ऐसे कारोबार पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: घरेलू गैस की किल्लत के बीच कुछ लोगों द्वारा अवैध तरीके से गैस भरने और बेचने का कारोबार तेज हो गया था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आपूर्ति विभाग की टीम ने मंगलवार को दो स्थानों पर छापेमारी कर इस अवैध गतिविधि का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान कुल 15 घरेलू गैस सिलिंडर और 2 अवैध सिलिंडर बरामद किए गए। साथ ही गैस भरने में प्रयुक्त उपकरण भी जब्त किए गए।

जंसा क्षेत्र में छापा, आरोपी फरार

जंसा थाना क्षेत्र के बड़ौरा बाजार देईपुर में एक दुकान पर छापेमारी की गई। यहां दुकान संचालक मुन्नीलाल विश्वकर्मा और उसका पुत्र आशीष मौके से फरार हो गए। तलाशी के दौरान एक भरा हुआ और चार खाली सिलिंडर बरामद हुए।

सभी सिलिंडर दुकान के बाथरूम में छिपाकर रखे गए थे। साथ ही गैस भरने के अवैध उपकरण भी मिले। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां पहले भी अवैध तरीके से गैस भरी जाती थी और इसका वीडियो भी सामने आया था, लेकिन उस समय कार्रवाई नहीं हुई थी।

फूलपुर क्षेत्र में भी मिली बड़ी सफलता
फूलपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर बाजार में रेलवे क्रासिंग के पास एक कटरे में भी छापेमारी की गई।
यहां से सात घरेलू गैस सिलिंडर और दो अवैध सिलिंडर बरामद किए गए। इस मामले में संचालक संजय कुमार गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्पष्ट कहा है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।

गैस बुकिंग के लिए जारी किए गए नए नंबर

गैस बुकिंग में आ रही समस्याओं को देखते हुए अब नया नंबर जारी किया गया है। उपभोक्ता अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर से 8927225667 पर कॉल करके गैस बुक करा सकते हैं। इसके अलावा बुकिंग के लिए 8391990070 नंबर भी उपलब्ध कराया गया है।