Movie prime

बिना नंबर की Bullet सीज करने पर पुलिस से भिड़े मनबढ़, चौकी इंचार्ज से धक्का-मुक्की और बदसलूकी, 7 नामजद

वाराणसी के गिलट बाजार में बिना नंबर प्लेट की बुलेट सीज करने को लेकर पुलिस टीम से विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने चौकी इंचार्ज से धक्का-मुक्की कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और वर्दी का मोनोग्राम तोड़ दिया। मामले में सात नामजद और छह अज्ञात पर केस दर्ज हुआ।

 
Bullet सीज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार में बिना नंबर प्लेट की बुलेट को सीज करने को लेकर पुलिस और कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि शनिवार देर रात बुलेट सीज करने पहुंची पुलिस टीम के साथ युवकों ने धक्का-मुक्की और अभद्रता की। इस दौरान गिलट बाजार चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह को जमीन पर गिराने और उनकी वर्दी पर लगा मोनोग्राम खींचकर तोड़ने का आरोप है। मामले में शिवपुर थाने में सात नामजद और छह अज्ञात आरोपितों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

बिना नंबर की बुलेट देखकर पुलिस ने शुरू की पूछताछ

गिलट बाजार चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह के मुताबिक, शनिवार रात करीब 12:40 बजे पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क पर एक बिना नंबर प्लेट की बुलेट खड़ी दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन के संबंध में पूछताछ शुरू की और कागजात की जानकारी लेने का प्रयास किया। इसी बीच वाहन स्वामी रजत सोनकर और उनके साथ कई अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, रजत सोनकर ने बुलेट को अपना बताते हुए पुलिसकर्मियों से कथित तौर पर कहा कि उनका घर पास में है और वे वाहन के कागजात नहीं दिखाएंगे।

विरोध के दौरान चौकी इंचार्ज से धक्का-मुक्की का आरोप

पुलिस का आरोप है कि वाहन को सीज करने की कार्रवाई का विरोध करते हुए मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस टीम से विवाद शुरू कर दिया। इसी दौरान चौकी इंचार्ज के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे वह जमीन पर गिर गए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने चौकी इंचार्ज की वर्दी पर लगा मोनोग्राम खींचकर तोड़ दिया। टीम के अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता किए जाने का आरोप है। चौकी इंचार्ज ने यह भी आरोप लगाया है कि मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें झूठे SC/ST मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।

7 नामजद और 6 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सात लोगों को नामजद किया है। इनमें गिलट बाजार निवासी रजत सोनकर, उसका भाई, बहन, मां, शुभम सोनकर, गोलू उर्फ किशन सोनकर और प्रिंस उर्फ ऋषभ सोनकर शामिल हैं। इसके अलावा छह अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा, पुलिसकर्मियों से अभद्रता और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।