Movie prime

CDO का सख्त एक्शन: मानक से घटिया निर्माण पर सचिव सस्पेंड, ठेकेदार ब्लैकलिस्ट

वाराणसी के सेवापुरी ब्लॉक स्थित सत्तनपुर में गो संरक्षण केंद्र निर्माण में लापरवाही पर सीडीओ प्रखर सिंह ने सख्त कार्रवाई की। ग्राम पंचायत सचिव निलंबित, CLDF को नोटिस और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए। निर्माण 31 मार्च तक पूरा होगा।

 
CDO का सख्त एक्शन
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मुख्य विकास अधिकारी प्रखर सिंह ने ब्लॉक सेवापुरी के ग्राम पंचायत सत्तनपुर में निर्माणाधीन गो संरक्षण केंद्र और आरआरसी सेंटर के निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर कड़ा रुख अपनाया है। घटिया निर्माण और मानकों की अनदेखी के मामले में ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि कार्यदायी संस्था सीएलडीएफ (CLDF) को कड़ी चेतावनी और ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है।

निरीक्षण के दौरान स्वीकृत चार कैटल शेड में से तीन निर्माणाधीन पाए गए। भूसा घर और कार्यालय कक्ष का कार्य भी प्रगति पर था। हालांकि, कैटल शेड के बीच वाले हिस्से में कॉलम और बीम का एलाइन्मेंट, ढलाई की गुणवत्ता और आरसीसी कार्य में गंभीर खामियां मिलीं। आरसीसी में हनीकॉम्बिंग और खराब वर्कमैनशिप स्पष्ट रूप से देखी गई।

मानकों के अनुरूप कार्य न पाए जाने पर सीडीओ ने संबंधित कॉलम और बीम को तोड़कर दोबारा ढलाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही शेड निर्माण को गुणवत्ता मानकों के अनुसार 31 मार्च तक पूर्ण कराने का सख्त आदेश दिया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्माण कार्य की उचित मॉनिटरिंग न होने पर कार्यदायी संस्था सीएलडीएफ को कारण बताओ नोटिस जारी करने और मानकविहीन कार्य के लिए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके अलावा, आरआरसी सेंटर के संचालन में लापरवाही और परिसर में गंदगी पाए जाने पर ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित करने का निर्देश भी दिया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।