वाराणसी: नेहिया गांव में अंबेडकर झंडे को लेकर बवाल, सड़क जाम के बाद भारी पुलिस बल तैनात
वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में गुरुवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़े झंडे को हटाए जाने को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। झंडा गायब मिलने से नाराज दलित समाज के लोग बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और बांस-बल्ली लगाकर चक्का जाम कर दिया।
बताया जा रहा है कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक दिन पहले जुलूस के दौरान बाबा बटुक भैरवनाथ मंदिर के गेट पर अंबेडकर का झंडा लगाया गया था। गुरुवार सुबह जब झंडा नहीं मिला, तो ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मौके पर धरना शुरू कर दिया।
इसी दौरान कुछ हिंदू संगठनों के लोग भी वहां पहुंच गए और मंदिर गेट पर झंडा लगाए जाने का विरोध करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पहले चरण में झंडा दोबारा लगवाकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। लेकिन विवाद बढ़ता देख पुलिस ने एहतियात के तौर पर झंडा फिर से हटवा दिया।
मामले पर एडीसीपी वरुणा जोन आईपीएस लिपि नगायच ने बताया कि गांव में चक्का जाम और धरने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भेजी गई। जांच के दौरान अंबेडकर से संबंधित पोस्टर जलाने की घटना की भी जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर झंडा लगाया गया था, वहां पहले से त्रिशूल लगा हुआ था, जिससे विवाद की आशंका थी, इसलिए झंडा हटाया गया।
पुलिस ने पोस्टर जलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच के लिए टीम गठित की गई है।
फिलहाल गांव में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और क्यूआरटी टीम को भी मौके पर लगाया गया है, जो लगातार निगरानी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
