वाराणसी : समाजिक संस्था ने चलाया जागरूकता अभियान, सैकड़ों छात्राओं ने लिया हर घर तिरंगा फहराने का संकल्प
वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश के शहीदों के प्रति कृतज्ञता और लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सामाजिक संस्था सुबह-ए-बनारस क्लब के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं को हाथों में तिरंगा देकर 10 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर राष्ट्रध्वज फहराने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के अध्यक्ष एवं समाजसेवी मुकेश जायसवाल, लक्ष्मी नर्सिंग कॉलेज एंड हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार राय और कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका तिवारी ने किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य केवल घरों पर राष्ट्रध्वज फहराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं तिरंगा फहराने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ें।
वक्ताओं ने कहा कि 10 से 15 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान में सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों, आवासीय परिसरों और शिक्षण संस्थानों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक बनकर हर नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है।
कार्यक्रम में मुकेश जायसवाल, डॉ. अशोक कुमार राय, डॉ. प्रियंका तिवारी समेत कॉलेज की सैकड़ों छात्राएं मौजूद रहीं।
