वाराणसी: सारनाथ और आदमपुर में चल रहा था गैस रिफिलिंग का खेल, 51 सिलेंडर बरामद, 5 पर केस
वाराणसी में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में 51 सिलेंडर बरामद किए गए। सारनाथ और आदमपुर में छापेमारी के दौरान उपकरण और वाहन भी जब्त हुए। पिता-पुत्र समेत पांच आरोपियों पर केस दर्ज हुआ है। जांच में फर्जी डिलीवरी और कालाबाजारी का खुलासा हुआ है।
वाराणसी: शहर में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। आपूर्ति विभाग की टीम ने सारनाथ और आदमपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 51 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। इस मामले में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, सारनाथ क्षेत्र के एक आवासीय परिसर में लंबे समय से अवैध रीफिलिंग का कारोबार संचालित हो रहा था। छापेमारी के दौरान यहां से 27 घरेलू गैस सिलेंडर, एक रीफिलिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक वाहन जब्त किया गया। इस मामले में राजकुमार श्रीवास्तव और उनके पुत्र संजय श्रीवास्तव सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
वहीं, आदमपुर थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई करते हुए 22 खाली घरेलू सिलेंडर, दो कॉमर्शियल सिलेंडर और एक वाहन बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ एजेंसियों द्वारा बिना वास्तविक डिलीवरी के ही उपभोक्ताओं के नाम पर सिलेंडर की फर्जी एंट्री की जा रही थी, जिससे कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा था।
उपभोक्ताओं ने शिकायत की है कि बुकिंग के कई दिन बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा था, जबकि रिकॉर्ड में डिलीवरी दिखा दी जाती थी।
आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सभी आरोपियों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
