Movie prime

वाराणसी में बनेगा यूपी का पहला इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल, 10 हजार यात्रियों की होगी क्षमता

वाराणसी में सामनेघाट के पास प्रदेश का पहला अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल बनाने की तैयारी है। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस टर्मिनल में 10 हजार यात्रियों की क्षमता होगी। इमिग्रेशन, कस्टम्स, सुरक्षा, लाउंज और ड्यूटी-फ्री शॉपिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
 
इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी में गंगा के किनारे प्रदेश का पहला अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल विकसित करने की तैयारी है। सामनेघाट में करीब दो एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस टर्मिनल का निर्माण भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) की ओर से कराया जाएगा। परियोजना पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके बनने के बाद वाराणसी से अंतरराष्ट्रीय जल परिवहन और क्रूज पर्यटन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

नगर निगम की ओर से सामनेघाट में टर्मिनल के लिए दो एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। आईडब्ल्यूएआई के निदेशक संजीव कुमार के अनुसार, जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी। फिलहाल प्राधिकरण के मुख्यालय में परियोजना की डीपीआर तैयार की जा रही है।

एक साथ 10 हजार यात्रियों की क्षमता

प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां एक समय में करीब 10 हजार यात्रियों को संभालने की क्षमता विकसित करने की योजना है। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए इमिग्रेशन और कस्टम्स काउंटर के साथ सुरक्षा जांच की विशेष व्यवस्था होगी।

टर्मिनल में डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, बैगेज स्कैनर, सीसीटीवी निगरानी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम जैसी सुविधाएं होंगी। यात्रियों के लिए पैसेंजर लाउंज, बैगेज ट्रॉली, इलेक्ट्रिक बग्गी, शौचालय और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके अलावा कैफेटेरिया, ड्यूटी-फ्री शॉपिंग के लिए व्यावसायिक क्षेत्र, वाहन पार्किंग और प्रीपेड टैक्सी की सुविधा भी प्रस्तावित है। टर्मिनल को दिव्यांग यात्रियों के अनुकूल बनाया जाएगा।

पर्यटन के साथ कारोबार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल बनने के बाद वाराणसी में विदेशी पर्यटकों और बड़े क्रूज जहाजों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। इससे पर्यटन कारोबार के साथ स्थानीय परिवहन, होटल, खानपान, हस्तशिल्प और अन्य सेवाओं को भी लाभ मिल सकता है। गंगा के रास्ते जल परिवहन को बढ़ावा मिलने से वाराणसी से हल्दिया तक की यात्रा और माल परिवहन को भी नई दिशा मिलने की संभावना है।

कोच्चि के टर्मिनल से कितना बड़ा होगा?

सामनेघाट में प्रस्तावित टर्मिनल का क्षेत्रफल करीब दो एकड़ यानी 8,094 वर्गमीटर होगा। तुलना के लिए कोच्चि के सागरिका क्रूज टर्मिनल का क्षेत्रफल करीब 2,253 वर्गमीटर बताया गया है। इस हिसाब से वाराणसी का प्रस्तावित टर्मिनल क्षेत्रफल में करीब 3.6 गुना बड़ा होगा।