Movie prime

वाराणसी: जेपी मेहता ग्राउंड पर बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट
 

 
 वाराणसी: जेपी मेहता ग्राउंड पर बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का बास्केटबॉल कोर्ट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I नगर निगम ने शहर के युवा बास्केटबॉल खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जेपी मेहता इंटर कॉलेज के खेल मैदान (जेपी मेहता ग्राउंड) पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण करने का निर्णय लिया है। यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'खेलो इंडिया' और 'फिट इंडिया' अभियान से प्रेरित है, जिसमें महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने हाल ही में जेपी मेहता इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया और परियोजना को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। नगर निगम की कार्यकारिणी से भी इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। निगम के सामान्य अभियांत्रिकी विभाग ने काम शुरू कर दिया है और विशेषज्ञों की मदद से कोर्ट का विस्तृत ड्राइंग तथा डिजाइन तैयार किया जा रहा है।

कोर्ट में सिंथेटिक सरफेस, फ्लड लाइट्स, दर्शकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था के साथ-साथ महिला और पुरुष खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल होंगी। जेपी मेहता ग्राउंड शहर के मध्य भाग में स्थित होने के कारण बास्केटबॉल प्रेमियों के लिए पहले से ही लोकप्रिय अभ्यास स्थल रहा है। इस नए कोर्ट से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और शहर में खेल संस्कृति को नया आयाम प्राप्त होगा।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि हर हाथ में खेल हो और हर खिलाड़ी को समान अवसर मिले। काशी में बास्केटबॉल की अपार प्रतिभाएं मौजूद हैं, जिन्हें बस एक अच्छे मंच की आवश्यकता है। यह कोर्ट युवाओं को समर्पित है। डिजाइन अंतिम रूप लेते ही निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जाएगा। नगर निगम काशी के हर खेल और हर खिलाड़ी के साथ खड़ा है।