अब नहीं लगेगा जलालीपुरा क्रॉसिंग पर जाम! वाराणसी का पहला डबल लेन अंडरपास लगभग तैयार
वाराणसी के जलालीपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पास शहर का पहला डबल लेन अंडरपास लगभग तैयार हो चुका है। 270 मीटर लंबे इस अंडरपास के शुरू होने से वरुणा पार इलाके सहित करीब पांच लाख लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। मार्च के अंत तक इसे आम जनता के लिए खोलने की तैयारी है।
वाराणसी: शहर और वरुणा पार इलाके के लोगों के लिए यातायात को सुगम बनाने की दिशा में एक और बड़ी सुविधा जल्द मिलने जा रही है। कज्जाकपुरा रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के पास जलालीपुरा रेलवे क्रॉसिंग के निकट शहर का पहला डबल लेन अंडरपास लगभग बनकर तैयार हो चुका है। फिलहाल यहां अंतिम चरण का फिनिशिंग कार्य तेजी से चल रहा है और उम्मीद है कि मार्च के अंत तक इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
कज्जाकपुरा आरओबी के शुरू होने से शहर से आशापुर और सारनाथ की ओर जाने वाले लोगों को काफी लाभ मिला है, लेकिन रेलवे लाइन के दूसरी तरफ बसे कई घनी आबादी वाले इलाकों के कारण जलालीपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या बनी हुई थी।
इन इलाकों के लाखों लोगों को मिलेगा सीधा फायदा
नए अंडरपास के बन जाने से जलालोपुरा, चुंगी, मड़िया, अमरपुर बटलोहिया, भरवटी, पंचक्रोशी, नवापुरा, शक्कर तालाब, सरैया, लाटभैरव और शैलपुत्री सहित कई मोहल्लों के लोगों को राहत मिलेगी। इन क्षेत्रों में करीब दो लाख की घनी मुस्लिम आबादी के साथ वरुणा पार इलाके के लगभग पांच लाख लोगों को सीधे तौर पर इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा पंचक्रोशी, चंद्रा चौमुहानी, कपिलधारा, बलुआ, नक्खीघाट, अशोक विहार और पहड़िया की तरफ जाने वाले लोग भी इस नए मार्ग का उपयोग कर सकेंगे, जिससे शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा।
270 मीटर लंबा और 38 फीट चौड़ा होगा अंडरपास
जलालीपुरा रेलवे क्रॉसिंग के पहले 270 मीटर लंबा और 38 फीट चौड़ा डबल लेन अंडरपास बनाया जा रहा है। इसमें प्रत्येक लेन लगभग 18 फीट चौड़ी होगी। डबल लेन होने के कारण गौलगड्डा की तरफ से आने वाले वाहन पहले अंडरपास से गुजरकर जीटी रोड की ओर निकलेंगे, जबकि जलालीपुरा की ओर से आने वाले वाहन सीधे क्रॉसिंग की तरफ जा सकेंगे। अंडरपास का डिजाइन इस प्रकार तैयार किया गया है कि चार पहिया वाहनों के साथ छोटे ट्रक भी आसानी से निकल सकेंगे।
फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में
निर्माण स्थल पर कंक्रीट का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। जमीन के ऊपर बाहरी हिस्से में छाजन (शेड) लगाने के लिए पिलर खड़े कर दिए गए हैं, जिन पर जल्द ही शेड लगाया जाएगा। इसके साथ ही पूरे मार्ग पर बरसात के पानी की निकासी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि वर्षभर यातायात सुचारु बना रहे।
सिटी स्टेशन के पास भी बन रहा अंडरपास
इसके अलावा सिटी स्टेशन के पास भी एक और अंडरपास का निर्माण कार्य चल रहा है। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद रेलवे लाइन के दोनों ओर रहने वाले लोगों को करीब 50 वर्षों तक सुगम और बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है।
