वाराणसी जंक्शन को मिला नया हाईटेक कंट्रोल रूम, 186 कैमरों से होगी हर कोने की निगरानी
वाराणसी जंक्शन पर नया अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम शुरू किया गया है। 186 कैमरों और 12 बड़ी स्क्रीन से स्टेशन, प्लेटफॉर्म और यार्ड की निगरानी होगी। सर्वर आधारित सिस्टम से तकनीकी गड़बड़ी तुरंत दूर होगी और यात्रियों की सुरक्षा और मजबूत बनेगी।
वाराणसी: वाराणसी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करते हुए नए अत्याधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम का लोकार्पण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा की मौजूदगी में रेलवे सुरक्षा बल की महिला सिपाही शमिका ने फीता काटकर कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया।
नए कंट्रोल रूम में 55 इंच की 12 बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं, जबकि पहले 43 इंच की केवल 9 स्क्रीन कार्यरत थीं। इसके साथ ही अब कुल 186 सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। इनमें 41 पीटीजेड, 138 बुलेट और 7 डोम कैमरे शामिल हैं। पहले यह संख्या 122 कैमरों तक सीमित थी।
कैमरों और स्क्रीन की संख्या बढ़ने से अब स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्मों के अंतिम छोर, यार्ड क्षेत्र और संवेदनशील स्थानों की प्रभावी निगरानी संभव हो सकेगी। इससे यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी।
नई व्यवस्था में पुराने एनवीआर आधारित सिस्टम की जगह सर्वर आधारित तकनीक अपनाई गई है, जिससे तकनीकी खराबी को तुरंत ठीक किया जा सकेगा। रिकॉर्डिंग का ऑटो बैकअप भी सुरक्षित रहेगा, जिसे जरूरत पड़ने पर आसानी से रिकवर किया जा सकेगा।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान, अपर मंडल रेल प्रबंधक बृजेश यादव, वरिष्ठ अधिकारी, स्टेशन निदेशक और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी मौजूद रहे।
