सावन में 'VIP दर्शन' के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी, वाराणसी पुलिस ने 8 दलालों को दबोचा
वाराणसी: सावन माह में श्री काशी विश्वनाथ धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर सुगम दर्शन के नाम पर वसूली करने वालों के खिलाफ वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दशाश्वमेध थाना पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अभियान चलाकर 8 लोगों को गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर श्रद्धालुओं से पैसे लेकर दर्शन कराने का झांसा दे रहे थे। सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।
श्रद्धालुओं से अभद्रता और वसूली की मिल रही थी शिकायत
दशाश्वमेध थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि श्री काशी विश्वनाथ धाम, गंगा घाट और आसपास के मंदिरों के पास कुछ लोग सुगम दर्शन कराने के नाम पर श्रद्धालुओं से पैसे वसूल रहे हैं। इतना ही नहीं, विरोध करने पर दर्शनार्थियों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया जा रहा था। पुलिस ने विशेष टीम गठित कर ऐसे लोगों की पहचान की और अभियान चलाकर उन्हें पकड़ लिया।
कार्रवाई में 8 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया, उनमें शामिल हैं-
पवन चौरसिया, निवासी मिसिर पोखरा, लक्सा
आकाश पांडेय, निवासी सैदपुर, गाजीपुर
शिवम चौधरी, निवासी मीरघाट, वाराणसी
कृष्ण कुमार झा, निवासी शीतला माता मंदिर, दशाश्वमेध
भूपेंद्र यादव, निवासी खजनी, गोरखपुर
प्रेम कुमार, निवासी पड़ाव, चंदौली
शिवम पांडेय, निवासी पत्थर गली, दशाश्वमेध
संस्कार केशरी, निवासी पड़ाव, रामनगर
शांति भंग समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत कार्रवाई की। इसके बाद सभी का शांति भंग में चालान कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया।
सावन में दलालों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी
एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि सावन के दौरान काशी विश्वनाथ धाम में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में पुलिस मंदिर परिसर और आसपास सक्रिय दलालों, असामाजिक तत्वों तथा श्रद्धालुओं से ठगी करने वालों पर लगातार नजर रख रही है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि सुगम दर्शन या वीआईपी प्रवेश के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसा न दें। यदि कोई व्यक्ति दर्शन कराने के नाम पर धन की मांग करे या परेशान करे, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके.
