वाराणसी: चोरी के शक में मजदूर को पेड़ से बांधकर पीटा, मौत; भट्ठा मालिक समेत दो गिरफ्तार
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईंपुर में मजदूर रामजनम वनवासी (45) की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने ईंट-भट्ठा मालिक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पत्नी सीता की तहरीर पर चोलापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, चंदौली के धरायन गांव निवासी रामजनम गोसाईंपुर के बड़कीबारी स्थित अपनी ससुराल में रहता था और चिरईगांव क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। 20 अगस्त को वह हड़ियाडीह स्थित अजय सिंह के ईंट-भट्ठे के पास दिखाई दिया था।
आरोप है कि चोरी के शक में भट्ठा मालिक अजय सिंह ने अपने साथी विशाल सिंह के साथ रामजनम को पकड़ लिया। दोनों ने उसे पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। पिटाई के दौरान रामजनम बेसुध हो गया। इसके बाद दोनों उसे ससुराल पहुंचाने के लिए निकले, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों शव को धान के खेत में छोड़कर फरार हो गए।
21 अगस्त को पुलिस ने धान के खेत से रामजनम का शव बरामद किया और परिजनों से उसकी शिनाख्त कराई। बुधवार को रामजनम को पेड़ से बांधकर पीटने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की जांच ने नया रुख लिया।
वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अजय सिंह पुत्र राजेंद्र प्रसाद सिंह निवासी शिवदासा और विशाल सिंह पुत्र स्व. रमेश सिंह निवासी गरथौली को गिरफ्तार कर लिया।
वीडियो सामने आने के बाद खुला मामला
शव बरामद होने के बाद शुरुआती जांच में पुलिस को गंभीर चोट लगने के कारण मौत की आशंका थी। इसी दौरान सामने आए वीडियो में रामजनम को पेड़ से बांधकर पीटते हुए देखा गया। वीडियो को जांच में शामिल करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों से पूछताछ की और हत्या के मामले में उनकी गिरफ्तारी की।
