ड्यूटी पर जा रहे हेड कांस्टेबल को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
वाराणसी: लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में रविवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी बाइक कार में फंस गई और काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में हेड कांस्टेबल के दाएं पैर का घुटने के नीचे का हिस्सा कट गया। उन्हें गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
चौकी जाते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ से वाराणसी की ओर आ रही तेज रफ्तार कार ने हीरा तुलसी मैरिज लॉन के पास बाइक सवार हेड कांस्टेबल चंद्रसेन सिंह को टक्कर मार दी। उस समय वह लालपुर पुलिस चौकी की ओर जा रहे थे।
टक्कर के बाद बाइक कार में फंस गई और कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। हादसे में चंद्रसेन सिंह का दायां पैर बुरी तरह जख्मी हुआ और घुटने के नीचे का हिस्सा कट गया।
हादसे के बाद कार चालक फरार
दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। घायल हेड कांस्टेबल को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी वरुणा जोन राजेश कुमार पांडेय भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मी का हालचाल लिया और चिकित्सकों से उनके इलाज पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
हेड कांस्टेबल की पत्नी रंजिता की तहरीर पर लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब कार चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
क्राइम टीम में तैनात हैं चंद्रसेन सिंह
घायल हेड कांस्टेबल चंद्रसेन सिंह मूल रूप से आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव के रहने वाले हैं। वह वर्तमान में लालपुर-पांडेयपुर थाने की क्राइम टीम के सदस्य हैं। रविवार रात वह इसी सिलसिले में पुलिस चौकी की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
