Movie prime

फर्जी कागज बनाकर पुश्तैनी जमीन बेचने का आरोप, कोर्ट के आदेश पर 5 के खिलाफ केस दर्ज

वाराणसी के जंसा में 11 बीघा पुश्तैनी जमीन हड़पने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। फर्जी विक्रय अनुबंध बनाकर रजिस्ट्री कराने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दस्तावेजों में अनियमितता की पुष्टि हुई है।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी : थाना क्षेत्र में पुश्तैनी जमीन पर कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है, जिसमें न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रकरण लगभग 11 बीघा भूमि से जुड़ा है, जिसे कथित रूप से फर्जी विक्रय अनुबंध के जरिए हड़पने की कोशिश की गई।

प्रार्थी वीरेंद्र कुमार पटेल ने आरोप लगाया है कि हरसोस गांव स्थित जमीन पर उनका और अन्य हिस्सेदारों का कई पीढ़ियों से कब्जा है, जिसका विवरण राजस्व अभिलेखों में भी दर्ज है। इसके बावजूद आरोपियों ने आपराधिक साजिश रचकर इस भूमि का फर्जी विक्रय अनुबंध तैयार कराया।

बताया गया कि 26 अगस्त 2025 को तैयार किए गए अनुबंध में जमीन को बेहद कम कीमत पर बेचने का उल्लेख किया गया, जबकि मुख्य आरोपी का इस संपत्ति पर कोई वैधानिक अधिकार नहीं था। आरोप है कि असत्य तथ्यों के आधार पर दस्तावेज तैयार कर उसे रजिस्ट्री कार्यालय में पंजीकृत भी करा लिया गया।

शिकायत के अनुसार, इस पूरे मामले में आरोपियों ने क्रेता, विक्रेता और गवाह की भूमिकाएं निभाते हुए दस्तावेज को वैध दर्शाने का प्रयास किया और आर्थिक लाभ भी अर्जित किया।

मामले की जानकारी मिलने पर प्रार्थी ने दस्तावेज की प्रमाणित प्रति प्राप्त कर जांच की, जिसमें अनियमितताओं की पुष्टि हुई। स्थानीय स्तर पर कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली।

न्यायालय ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए जंसा थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए। आदेश के अनुपालन में गुरुवार देर शाम संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी जंसा के अनुसार, मामले की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।