Movie prime

वाराणसी : जमीन दिलाने का झांसा, बैंक से लोन भी कराया... फिर सिपाही के साथ 10 लाख की ठगी, केस दर्ज

वाराणसी में जमीन दिलाने और बैंक से लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर प्रयागराज पुलिसलाइन में तैनात एक सिपाही से 10 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर गौरव गुप्ता समेत कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
 
केस दर्ज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: जमीन दिलाने और बैंक से लोन स्वीकृत कराने का भरोसा देकर प्रयागराज पुलिसलाइन में तैनात एक सिपाही से 10 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित सिपाही की शिकायत पर पुलिस ने रियल एस्टेट कारोबारी बताए जा रहे गौरव गुप्ता समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपित पहले भी कई पुलिसकर्मियों को इसी तरह का झांसा देकर ठग चुका है।

रियल एस्टेट कारोबारी बताकर बढ़ाया भरोसा

प्रयागराज पुलिसलाइन में तैनात सिपाही सत्येंद्र कुमार ने अपनी तहरीर में बताया कि वर्ष 2024 में उनकी मुलाकात गौरव गुप्ता से हुई थी। गौरव ने खुद को रियल एस्टेट कारोबारी बताते हुए उचित कीमत पर अच्छी जमीन दिलाने का भरोसा दिया।

सत्येंद्र के अनुसार, गौरव उन्हें वरुणा ब्रिज के सामने स्थित अपने कार्यालय ले गया, जहां उसने अपनी मां, भाई, बहन और मैनेजर पवन कुमार भारती सहित अन्य लोगों से परिचय कराया और जमीन का सौदा कराने का आश्वासन दिया।

45 लाख रुपये में तय हुआ जमीन का सौदा

पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने फुलवरिया क्षेत्र में 45 लाख रुपये में जमीन का सौदा तय कराया। इसके साथ ही बैंक ऑफ बड़ौदा की नदेसर शाखा से उनके नाम 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन भी स्वीकृत कराया गया। पीड़ित के मुताबिक, लोन की राशि मिलने के बाद आरोपित लगातार जमीन की रजिस्ट्री टालते रहे और बाद में कथित तौर पर धोखाधड़ी कर दी।

10 लाख रुपये की ठगी का आरोप

सत्येंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि जमीन दिलाने और रजिस्ट्री कराने के नाम पर उनसे करीब 10 लाख रुपये ले लिए गए, लेकिन न तो जमीन उनके नाम की गई और न ही रकम वापस की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गौरव गुप्ता पहले भी कई पुलिसकर्मियों को जमीन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का शिकार बना चुका है।

एफआईआर दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच

मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गौरव गुप्ता समेत नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।