Movie prime

सेंट मेरिज स्कूल के बाद मिंट हाउस के पास दिखा तेंदुआ, चार दिन बाद भी पकड़ से बाहर

वाराणसी के सेंट मेरिज स्कूल, 39 जीटीसी और मिंट हाउस के पास तेंदुआ दिखाई देने से छावनी क्षेत्र में दहशत है। वन विभाग और छावनी बोर्ड की संयुक्त टीम तलाश अभियान चला रही है। गोरखपुर से विशेषज्ञ भी पहुंचे हैं। जानिए तेंदुए की तलाश और अब तक की कार्रवाई के बारे में।

 
तेंदुआ
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शहर के छावनी क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में दहशत है। पिछले गुरुवार को सेंट मेरिज स्कूल परिसर में दिखाई देने के बाद तेंदुआ शनिवार रात 39 जीटीसी क्षेत्र और रविवार रात मिंट हाउस के पास छोटी कटिंग के मैदान में नजर आया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम रात में ही मौके पर पहुंची। टीम ने तेंदुए के पैरों के निशान देखने के साथ छावनी बोर्ड के कर्मचारियों के साथ संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। तेंदुआ अब तक पकड़ा नहीं जा सका है, जिससे छावनी क्षेत्र, फुलवरिया और आसपास के इलाकों में चिंता बनी हुई है।

घर से 100 मीटर दूर दीवार पर दिखा तेंदुआ

समाजसेवी सलीम खान के मुताबिक, तेंदुआ उनके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर बाउंड्री की दीवार पर खड़ा दिखाई दिया। उसी दौरान उनके घर आए एक मेहमान की गाड़ी की लाइट दीवार पर पड़ी तो तेंदुआ गुर्राने लगा। इसके बाद वह दूसरी तरफ छलांग लगाकर अंधेरे में गायब हो गया।

तेंदुआ दिखाई देने की सूचना पर वन विभाग और छावनी बोर्ड की संयुक्त टीम ने परिसर में तलाशी अभियान चलाया। इसके साथ ही गोरखपुर के वन्यजीव प्रभाग से विशेषज्ञों की टीम भी वाराणसी पहुंच गई है।

सेंट मेरिज स्कूल परिसर में सबसे पहले दिखा था तेंदुआ

सेंट मेरिज स्कूल परिसर में पिछले गुरुवार की भोर में सुरक्षा कर्मी राजेंद्र कुमार ने तेंदुए को देखा था। उन्होंने खुद को सुरक्षित करने के बाद स्कूल प्रबंधन को इसकी सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने परिसर का निरीक्षण किया।

छावनी बोर्ड की टीम के साथ सिगरा स्थित सिटी कमांड सेंटर (त्रिनेत्र) के फुटेज भी देखे गए। इनमें तेंदुआ सेंट मेरिज स्कूल में शारदा ट्रेनिंग सेंटर की ओर से अंदर जाता दिखाई दिया।

वन विभाग की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल

तेंदुए के लगातार दिखाई देने के बाद वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई दिनों से शहर के बीच तेंदुआ नजर आ रहा है, लेकिन अब तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है।

शुरुआत में वन विभाग की ओर से बार-बार कहा गया कि दिखाई देने वाला जानवर तेंदुआ नहीं, बल्कि वन बिलाव था। टीम का यह भी कहना था कि अगर तेंदुआ आया होगा तो रात में शहर से बाहर चला गया होगा। हालांकि, इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

तेंदुआ पकड़े जाने तक निगरानी जारी रहेगी

छावनी बोर्ड के अभियंता सचिन श्रीवास्तव ने बताया कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता या उसके क्षेत्र से बाहर जाने की पुष्टि नहीं होती, तब तक निगरानी जारी रहेगी। वन विभाग और छावनी बोर्ड की संयुक्त टीम इलाके में तलाश कर रही है।