Movie prime

वाराणसी के शराब ठेकों पर चल रहा था बड़ा खेल, 90 रुपये का टेट्रा पैक काटकर ऐसे हो रही थी कमाई

वाराणसी में शराब ठेकों पर टेट्रा पैक को दो हिस्सों में काटकर बेचने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद आबकारी विभाग ने तीन दुकानों पर छापेमारी की। दो दुकानों पर नियम उल्लंघन मिलने पर जुर्माना लगाया गया, जबकि एक दुकान पर गंदगी मिलने पर भी कार्रवाई की गई।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: शराब ठेकों पर नियमों की अनदेखी का बड़ा मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद आबकारी विभाग की टीम ने शहर के कई शराब ठेकों पर छापेमारी की, जहां 90 रुपये में मिलने वाले 200 एमएल टेट्रा पैक को दो हिस्सों में काटकर बेचे जाने का खेल पकड़ा गया। जांच में अनियमितता मिलने पर दो लाइसेंसधारियों पर जुर्माना लगाया गया, जबकि एक दुकान पर साफ-सफाई में लापरवाही मिलने पर भी कार्रवाई की गई।

90 रुपये के टेट्रा पैक को दो हिस्सों में बेचकर हो रही थी ऊपरी कमाई

जांच में सामने आया कि कुछ शराब ठेकों पर तैनात सेल्समैन 200 एमएल के टेट्रा पैक को बीच से काटकर आधा-आधा बेच रहे थे। 90 रुपये कीमत वाले एक पैक को दो हिस्सों में बेचकर करीब 100 रुपये तक वसूले जा रहे थे। कम मात्रा में शराब खरीदने वाले ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए यह तरीका अपनाया जा रहा था, जिससे नियमों के विपरीत अतिरिक्त कमाई की जा रही थी।

शिकायत सही मिलने पर दो दुकानों पर जुर्माना

जिला आबकारी अधिकारी कमल शुक्ल ने बताया कि विभाग को लगातार शराब ठेकों पर नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद की गई छापेमारी में दो दुकानों पर आधे कटे हुए टेट्रा पैक बरामद हुए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों लाइसेंसधारियों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

गंदगी मिलने पर भी हुई कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान राजा बाजार स्थित एक शराब दुकान पर साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। आबकारी विभाग ने अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित लाइसेंसधारी पर 2 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया।

नियम तोड़ने वालों पर आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

जिला आबकारी अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शराब की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार ही की जानी चाहिए। यदि भविष्य में किसी भी ठेके पर टेट्रा पैक काटकर बेचने, ओवरचार्जिंग या अन्य अनियमितता की शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित लाइसेंसधारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने साफ-सफाई और उपभोक्ता हितों से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन कराने की बात भी कही।