वाराणसी: टॉप-10 अपराधियों की लिस्ट जारी: एक फरार, चार जमानत पर, पांच सलाखों के पीछे
वाराणसी: कमिश्नरेट पुलिस ने जिले में अपराध पर शिकंजा कसते हुए कुख्यात अपराधियों की टॉप-10 सूची को अपडेट कर दिया है। ‘यक्ष’ ऐप के माध्यम से इन अपराधियों का विस्तृत प्रोफाइल तैयार किया गया है, जिससे उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सके।
पुलिस के अनुसार, सूची में शामिल एक शातिर अपराधी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। आदमपुर थाना क्षेत्र के कोयला बाजार निवासी अजय चौहान का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। उसकी तलाश लगातार जारी है, लेकिन पुलिस यह भी स्पष्ट नहीं कर सकी है कि वह जीवित है या नहीं।
इस सूची में शामिल अन्य अपराधियों की स्थिति भी अलग-अलग है। चार आरोपी फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर हैं, जबकि पांच अपराधी अभी जेल में बंद हैं।
जोनवार अपराधियों की सूची:
काशी जोन से अजय चौहान (कोयला बाजार, आदमपुर) और प्रवीण मिश्रा (न्यू ककरमत्ता कॉलोनी, भेलूपुर) को शामिल किया गया है।
वरुणा जोन से फहीम अंसारी उर्फ रिंकू (राजाबाजार, नदेसर), गोलू यादव उर्फ सुदीप/संदीप (बेटावर, रोहनिया), अभिषेक सिंह उर्फ हनी/जहर/राहुल (खजुरी, पांडेयपुर), राजेश सिंह उर्फ बंटी (पवारेपुर, चोलापुर) और श्रीप्रकाश मिश्रा उर्फ झुन्ना पंडित (सोएपुर, लमही) को सूची में रखा गया है। वहीं गोमती जोन से सिज्जन यादव (पिंडरा), शिवशंकर सेठ उर्फ बाबू सेठ (बड़ागांव) और मुलायम उर्फ महंगी यादव (जंसा) शामिल हैं।
कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। अपराध नियंत्रण के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
