Movie prime

घर में घुसकर दी जान से मारने की धमकी... होमगार्ड ने पुलिस कमिश्नर से लगाई गुहार

वाराणसी के लोहता क्षेत्र में एक होमगार्ड कर्मी ने जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सोशल मीडिया पर अपमानित करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराने और सुरक्षा की मांग की है।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र के कोटवां गांव में जमीन विवाद को लेकर एक होमगार्ड कर्मी ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और परिवार को डराने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि स्थानीय थाने में शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर से हस्तक्षेप कर मुकदमा दर्ज कराने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुरानी जमीन विवाद को लेकर घर पहुंचने का आरोप

पुलिस कमिश्नर को दिए गए प्रार्थना पत्र में होमगार्ड कर्मी इन्द्रबहादुर सिंह, निवासी ग्राम कोटवां, थाना लोहता ने बताया कि 29 जुलाई 2026 की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच कुछ लोग पुरानी जमीन के विवाद को लेकर उनके घर पहुंचे। उस समय घर पर केवल महिलाएं मौजूद थीं।

शिकायत के अनुसार, आरोपितों ने घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब परिवार की महिलाओं ने इसका विरोध किया तो कथित तौर पर आरोपित और उग्र हो गए तथा जान से मारने की धमकी देने लगे।

'नौकरी से निकलवा देंगे', धमकी देने का भी आरोप

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान आरोपितों ने कहा कि वे उनकी होमगार्ड की नौकरी तक खत्म करवा देंगे और उनकी "ऊपर तक पहुंच" है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपित जाते समय पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर वहां से चले गए।

सोशल मीडिया पर अपमानित करने का भी लगाया आरोप

पीड़ित ने शिकायत में यह भी कहा है कि मुख्य आरोपित लगातार सोशल मीडिया, विशेषकर व्हाट्सएप ग्रुपों में उनके और उनके परिवार के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणियां करता है। उनका कहना है कि इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और परिवार लगातार भय के माहौल में रह रहा है।

स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

इन्द्रबहादुर सिंह का कहना है कि उन्होंने घटना के बाद लोहता थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण उन्होंने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।