Movie prime

वाराणसी-लखनऊ शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस का शिवपुर स्टेशन पर ठहराव शुरू, मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने दिखाई हरी झंडी

वाराणसी से लखनऊ के बीच चलने वाली शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 20401 और 20402 का ठहराव अब शिवपुर रेलवे स्टेशन पर भी शुरू हो गया है। राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने सुबह 6:07 बजे ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वरुणापार क्षेत्र के लोगों को इससे बड़ी राहत मिली है।

 
वाराणसी-लखनऊ शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: वाराणसी से लखनऊ के बीच चलने वाली शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 20401 (वाराणसी-लखनऊ) और 20402 (लखनऊ-वाराणसी) का ठहराव अब शिवपुर रेलवे स्टेशन पर भी शुरू हो गया है। शुक्रवार से इस नई सुविधा की शुरुआत कर दी गई।

इसका औपचारिक उद्घाटन प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने किया। उन्होंने शुक्रवार सुबह 6:07 बजे शिवपुर रेलवे स्टेशन से शटल सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 20401 को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के लिए रवाना किया।


लंबे समय से उठ रही थी क्षेत्रीय लोगों की मांग

वरुणापार क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग थी कि वाराणसी-लखनऊ के बीच चलने वाली इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव शिवपुर रेलवे स्टेशन पर भी किया जाए, ताकि स्थानीय यात्रियों को सुविधा मिल सके।

क्षेत्रीय जनता की इसी मांग को देखते हुए राज्य मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इस विषय पर चर्चा की और लगातार प्रयास किए। उनके प्रयासों के बाद रेलवे मंत्रालय ने इस ट्रेन का शिवपुर स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने का निर्णय लिया।

क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल

अब वरुणापार और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को वाराणसी कैंट या अन्य बड़े स्टेशनों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय और दूरी दोनों की बचत होगी। इस अवसर पर कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण, पार्षद प्रत्याशी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस सुविधा के शुरू होने पर खुशी जाहिर की और इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।