Movie prime

वाराणसी: रेवड़ीतालाब में मदरसे की लिफ्ट 3 मंजिल से गिरी, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

वाराणसी के भेलूपुर क्षेत्र में मदरसे में कार्यक्रम के दौरान लिफ्ट गिरने से बड़ा हादसा हो गया। तीन मंजिल नीचे गिरी लिफ्ट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 
भेलूपुर थाना
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब मदरसे में चल रहे कार्यक्रम के दौरान लिफ्ट अचानक अनियंत्रित होकर तीन मंजिल नीचे जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

रेवड़ी तालाब स्थित मदरसे में हुआ हादसा

घटना रेवड़ी तालाब इलाके के एक मदरसे की है, जहां कम्युनिटी हॉल में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल थे और लिफ्ट के जरिए आवागमन कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक नीचे जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए, लेकिन कुछ ही सेकंड में लिफ्ट ने नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार से नीचे जा गिरी।

तीन मंजिल नीचे गिरते ही मची चीख-पुकार

लिफ्ट गिरने की तेज आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह लिफ्ट में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया।

एक युवक की मौत, दूसरा ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

हादसे में घायल युवकों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आसिफ आदिल के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल हसनैन रज़ा को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस जांच में जुटी, लापरवाही के एंगल की पड़ताल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि लिफ्ट गिरने के कारणों की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह भी देखा जा रहा है कि कहीं लिफ्ट के मेंटेनेंस में लापरवाही तो नहीं बरती गई। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मेंटेनेंस पर उठे सवाल, सुरक्षा व्यवस्था पर भी जांच

इस हादसे के बाद लिफ्ट की सुरक्षा व्यवस्था और नियमित मेंटेनेंस को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि क्या लिफ्ट में कोई तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी।