रात में मैगी की डिमांड, फिर बवाल! वाराणसी में 15 युवकों पर रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और कार जलाने का आरोप
वाराणसी: वाराणसी के कैंट-शिवपुर इलाके में देर रात मैगी खाने की मांग पूरी न होने पर 15 युवकों के एक ग्रुप पर दो रेस्टोरेंट संचालकों से विवाद, तोड़फोड़ और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि युवकों ने एक रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी कार में आग लगा दी, जबकि दूसरे रेस्टोरेंट के कर्मचारी को रास्ते में घेरकर हॉकी से पीटा। कार में आग लगाने की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
घटना 12 अगस्त की रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। दोनों रेस्टोरेंट संचालकों ने 15 अगस्त की रात करीब 8 बजे पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बिना नंबर प्लेट की बाइकों से पहुंचे 15 युवक
कैंट क्षेत्र के सरसौली भोजूबीर निवासी रेस्टोरेंट संचालक आदित्य सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अगस्त की रात वह अपने ममेरे भाई अभिषेक सोनकर के साथ कैफे में मौजूद थे। कैफे बंद करने के बाद दोनों आराम कर रहे थे। इसी दौरान करीब 15 युवक बिना नंबर प्लेट की बाइकों से वहां पहुंचे।
तहरीर के मुताबिक, इनमें शिवपुर क्षेत्र के लक्ष्मणपुर शारदा विहार कॉलोनी निवासी आदित्य रघुवंशी, अभिषेक रघुवंशी उर्फ पन्तु, सन्नी सिंह और शाश्वत पंडित समेत अन्य लोग शामिल थे।
आरोप है कि सभी युवक जबरन कैफे के अंदर घुस आए और हंगामा करने लगे। इसके बाद उन्होंने बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
हॉकी-डंडे और रॉड से दरवाजा तोड़ने की कोशिश
आदित्य सोनकर का आरोप है कि युवकों ने कैफे के दरवाजे पर हॉकी, डंडे और रॉड से हमला किया। बाहर रखे सामान में भी तोड़फोड़ की गई। तहरीर में जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप लगाया गया है।
आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने नीचे खड़ी कार में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। कार में आग लगाने की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात कही गई है।
पहले दूसरे रेस्टोरेंट में पहुंचे थे युवक
इसी मामले में करीब 300 मीटर दूर VDA कॉलोनी चांदमारी स्थित एक अन्य रेस्टोरेंट की संचालिका अलंकिता सिंह ने भी आरोप लगाए हैं।
अलंकिता के मुताबिक, आरोपी युवक पहले उनके रेस्टोरेंट में पहुंचे थे। रात करीब 10:30 बजे वह रेस्टोरेंट बंद कर रही थीं। इसी दौरान युवकों ने मैगी की मांग की। रेस्टोरेंट बंद होने की बात कहकर उन्होंने मैगी देने से मना किया तो विवाद शुरू हो गया।
कुछ देर कहासुनी के बाद युवक वहां से चले गए। अलंकिता का दावा है कि इसके बाद सभी युवक आदित्य सोनकर के रेस्टोरेंट पहुंचे, जहां उन्होंने हंगामा किया और कार में आग लगा दी।
घर लौट रहे कर्मचारी को रास्ते में घेरा
अलंकिता के अनुसार, घटना के बाद उनके रेस्टोरेंट का एक कर्मचारी घर लौट रहा था। इसी दौरान पांडेयपुर पागलखाने के पास आरोपियों ने उसे रास्ते में घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने कर्मचारी के साथ हॉकी से मारपीट की। घटना के बाद कर्मचारी ने इसकी जानकारी रेस्टोरेंट संचालिका को दी।
5 हजार रुपये रंगदारी मांगने का भी आरोप
आदित्य सोनकर ने पुलिस को दी तहरीर में रंगदारी मांगने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि उन्हें फोन पर धमकी दी गई कि अगर 5,000 रुपये नहीं दिए तो रेस्टोरेंट नहीं चलाने दिया जाएगा। फिलहाल दोनों संचालकों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आरोपों से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नोट: इस खबर में आरोप शिकायतकर्ताओं की तहरीर और उनके बयानों के आधार पर हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
