Movie prime

काशी घूमने आया महाराष्ट्र का परिवार, पिता BHU में भर्ती, होम स्टे में मां-बेटे ने सलफास खाकर दी जान

महाराष्ट्र के पनवेल से काशी घूमने आए परिवार में दर्दनाक घटना सामने आई। पिता की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहीं लक्सा स्थित होम स्टे में उनकी पत्नी जया मुखर्जी और बेटे ईशान की मौत हो गई। पुलिस जांच में जुटी है।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: काशी घूमने आए महाराष्ट्र के पनवेल निवासी एक परिवार में सोमवार रात अचानक मातम छा गया। परिवार के मुखिया विशाल मुखर्जी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। इसके बाद लक्सा क्षेत्र स्थित होम स्टे में उनकी पत्नी जया मुखर्जी (51) और बेटे ईशान (27) की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद लक्सा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने प्रथम दृष्टया आशंका जताई कि पिता की अचानक तबीयत बिगड़ने से आहत होकर मां और बेटे ने सलफास खाक जान दे दी। मौके से  सलफासे के पैकेट भी बरामद हुए हैं, और दोनों शवों के मुंह से झाग भी निकल रहा था। घटना की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

11 जुलाई को काशी आया था परिवार

पुलिस के मुताबिक, महाराष्ट्र के पनवेल निवासी विशाल मुखर्जी अपनी पत्नी जया मुखर्जी और 27 वर्षीय बेटे ईशान के साथ 11 जुलाई को काशी आए थे। तीनों लक्सा थाना क्षेत्र स्थित एक होम स्टे में सात अगस्त से ठहरे हुए थे।

परिवार काशी भ्रमण के लिए आया था। इसी दौरान नौ अगस्त की रात करीब 12 बजे के बाद विशाल मुखर्जी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

होम स्टे का कमरा अंदर से था बंद

विशाल के अस्पताल में भर्ती होने के अगले दिन सोमवार रात करीब आठ बजे होम स्टे के कर्मचारियों ने लक्सा पुलिस को सूचना दी। कर्मचारियों ने बताया कि एक कमरा अंदर से बंद है और काफी आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिल रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे को खुलवाया। अंदर जया मुखर्जी और उनके बेटे ईशान की हालत गंभीर मिली। दोनों को लेकर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी स्थिति

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मां-बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई। एडीसीपी काशी जोन वैभव बांगर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, पिता के अस्पताल में भर्ती होने के बाद परिवार पर आए मानसिक दबाव को घटना की संभावित वजह के तौर पर देखा जा रहा है। 

पिता का BHU में चल रहा इलाज

घटना के समय विशाल मुखर्जी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती थे। पुलिस और संबंधित अधिकारियों की ओर से पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। परिवार के अन्य सदस्यों और घटना से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।