Movie prime

वाराणसी: शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
 

 
 वाराणसी: शादी का झांसा देकर नाबालिग को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। वाराणसी कमिश्नरेट की बड़ागांव थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिर्जापुर जनपद के गोधना निवासी नितेश गुप्ता (20) पुत्र हीरालाल गुप्ता के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 1 जून 2026 को बड़ागांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि नितेश गुप्ता उसे शादी का वादा कर अपने साथ ले गया था। कुछ दिनों तक साथ रखने के बाद आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया और उसे वापस घर भेज दिया।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर बड़ागांव थाने में मुकदमा संख्या 205/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) एवं 87 में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी।

बुधवार 3 जून 2026 की सुबह करीब 6:10 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सिसवा मछली मंडी के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में उपनिरीक्षक अमन यादव और उपनिरीक्षक रंजीत कुमार की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह लड़की को पहले से जानता था और शादी के उद्देश्य से ही उसे अपने साथ ले गया था। बाद में उसने शादी करने से मना कर दिया। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया।